खेल प्रतिभाओं को तराशने में जुटा युवा कल्याण विभाग
जूडो, फेंसिंग और योगासन प्रतियोगिताओं का आगाज, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
रिपोर्ट श्रवण कुमार झा
देहरादून-युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग उत्तराखंड के तत्वावधान में राज्य स्तर पर आयोजित की जाने वाली खेल प्रतियोगिताओं के प्रथम चरण का सोमवार को शुभारंभ हुआ। देहरादून में बहुउद्देशीय क्रीड़ा हॉल,आमवाला में जूडो तथा महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, रायपुर में फेंसिंग प्रतियोगिताओं का उद्घाटन किया गया।वहीं,हरिद्वार के रोशनाबाद में योगासन प्रतियोगिता का भी शुभारंभ हुआ।
आमवाला में आयोजित जूडो प्रतियोगिता में विभिन्न भार वर्गों के खिलाड़ियों का वजन लेने के बाद प्रथम चरण के मुकाबले शुरू हुए।महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में अंडर-14एवं अंडर-19बालक-बालिका वर्ग की फेंसिंग प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने आमवाला पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। वहीं,हरिद्वार के रोशनाबाद में पंचायतीराज मंत्री मदन कौशिक ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि प्रदेश में इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान कर रहा है।इससे प्रदेश की खेल प्रतिभाओं की पहचान होने के साथ ही उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग करने के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने खिलाड़ियों के माता-पिता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आज समाज की सोच में सकारात्मक बदलाव आया है।अभिभावक अपने बच्चों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित कर रहे हैं,जो सराहनीय है।उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में आधुनिक खेल अवस्थापना सुविधाएं विकसित की जा रही हैं और खिलाड़ी इन सुविधाओं का लाभ उठाकर अपनी प्रतिभा को निखार रहे हैं।उन्होंने खिलाड़ियों से दृढ़ संकल्प,अनुशासन और निरंतर मेहनत के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि जो खिलाड़ी पूरी लगन और निश्चय के साथ खेलता है,वह एक दिन अपने राज्य और राष्ट्र का नाम अवश्य रोशन करता है।महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में आयोजित अंडर-14बालक फॉयल वर्ग में सार्थक जैन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।आदित्य सिंह पुंडीर ने द्वितीय स्थान हासिल किया।मंथन पंत और श्लोक मेहता संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे।सार्थक जैन एवं मंथन पंत देहरादून, जबकि आदित्य सिंह पुंडीर ऊधमसिंह नगर जिले से हैं।इस अवसर पर अपर निदेशक आरसी डिमरी, संयुक्त निदेशक अजय कुमार अग्रवाल,उप निदेशक शक्ति सिंह,एसके जयराज,सहायक निदेशक दीप्ति जोशी, सहायक निदेशक राजेश ममगाईं,प्रधानाचार्य महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज शबाली गुरुग, जिला युवा कल्याण अधिकारी प्रमोद चंद्र पांडे,जिला क्रीड़ाधिकारी रविंद्र भंडारी ,क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी रोहित कुमार सहित नितेश शैलानी,हेमा परिहार,ज्योति एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में सविता गुरुग ,किरण नेगी,कल्याण चौहान और संदीप डुकलान सहित अन्य निर्णायकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।विभिन्न वर्गों की प्रतियोगिताएं जारी है।
0 टिप्पणियाँ