नकुड़ में बड़ी कार्रवाई: प्रतिष्ठित व्यापारी के यहां नामचीन कंपनी की नकली चाय पत्ती के कट्टे बरामद,
रिपोर्ट नदीम निज़ामी
नकुड़-नामचीन कंपनी की पैकिंग में संदिग्ध चायपत्ती मिलने की अचानक कार्यवाही से नकुड़ के बाजरों में हड़कंप मच गया। कंपनी प्रतिनिधियों और पुलिस की मौजूदगी में हुई छापेमारी के दौरान दो प्रतिष्ठानों से कुल 67 किलोग्राम चायपत्ती बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है। कार्यवाही के बाद मामले को लेकर बाजार में तरह तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं।
मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस व संबंधित टीम ने अचानक जनक बाजार स्थित एक व्यापारी के प्रतिष्ठान पर छापेमारी की। यहां नामचीन ब्रांड की पैकिंग में 27 किलो ग्राम संदिग्ध चायपत्ती के कट्टे बरामद किए गए। इसके बाद बस स्टैंड स्थित एक अन्य प्रतिष्ठान पर भी कार्रवाई की गई है, जहां से 40 किलोग्राम चायपत्ती बरामद होने की बात कही जा रही है। वहीं टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड के अधिकृत प्रतिनिधि एवं तकनीकी विशेषज्ञ शिवम गुप्ता तथा विधिक सलाहकार प्रभात कुमार गुप्ता ने बताया कि संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध कोतवाली में तहरीर दी गई है। कंपनी प्रतिनिधियों की तरफ़ से बरामद माल की पैकिंग और ब्रांड को लेकर आपत्ति जताई गई है। ऐसे में अब निगाह पुलिस की आगामी कार्यवाही तथा जांच के नतीजे पर टिकी है। छापेमारी की खबर फैलते ही दुकानदारों में हड़कंप मचने से उन्होंने अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए जिससे बाजार में काफी देर तक अफरा तफरी का माहौल बना रहा। उधर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ज्ञानेश्वर बौद्ध ने बताया कि प्रकरण की तहरीर मिल गई है। मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है।
0 टिप्पणियाँ