मिशन शक्ति अभियान फेज-6 के अंतर्गत आशा मॉडर्न इंटरनेशनल स्कूल में भव्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
रिपोर्ट अमान उल्ला खान
सहारनपुर-महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मंगलवार को जनता रोड स्थित आशा मॉडर्न इंटरनेशनल स्कूल में मिशन शक्ति अभियान फेज-6 के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा, कानूनी अधिकारों, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं और साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक यातायात, क्षेत्राधिकारी प्रथम सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण पर आधारित सांस्कृतिक एवं जागरूकता प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों के माध्यम से महिलाओं के प्रति सम्मान, समानता और सुरक्षित सामाजिक वातावरण का संदेश दिया गया।पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को महिलाओं एवं बालिकाओं के कानूनी अधिकारों और सुरक्षा के उपायों की जानकारी देते हुए महिला कल्याण एवं सशक्तिकरण से जुड़ी सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया। साथ ही साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी और सोशल मीडिया से जुड़े खतरों के प्रति सतर्क रहने तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने की अपील की गई।कार्यक्रम में आपातकालीन सहायता और महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस की सहायता लेने में संकोच नहीं करना चाहिए।छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत उत्कृष्ट कार्यक्रमों और जागरूकता गतिविधियों की सराहना करते हुए पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों एवं अध्यापकगण को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों और शिक्षकों का उत्साहवर्धन करने के साथ महिला सुरक्षा एवं सामाजिक जागरूकता के प्रति उनकी भागीदारी को बढ़ावा देना रहा।सहारनपुर पुलिस ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने, उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा समाज में सम्मान, समानता और स्वावलंबन की भावना मजबूत करने के प्रयास लगातार जारी रहेंगे।


0 टिप्पणियाँ