घर में हुई चोरी का कोतवाली देहात पुलिस ने किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार. जेवरातों का जखीरा बरामद
रिपोर्ट अमान उल्ला खान
सहारनपुर- कोतवाली देहात पुलिस ने घर में घुसकर चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे और निशानदेही पर सोने-चांदी के आभूषण, हाथ की घड़ियां और मूंगे की मालाओं समेत बड़ी संख्या में सामान बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान असगर निवासी ग्राम हबीबगढ़, थाना कोतवाली देहात, सहारनपुर और सोनू निवासी गढ़ी रोड, पुराना मिद्दा, थाना सिटी, यमुनानगर (हरियाणा) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, अहमद कॉलोनी निवासी फतेह मोहम्मद ने 16 अक्टूबर को शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनके घर में घुसकर जेवरात और नकदी चोरी कर ले गए हैं। इस संबंध में कोतवाली देहात थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसके बाद शनिवार, 24 अक्टूबर को पुलिस ने नवनिर्मित हाईवे पर बड़ी नहर के पुल के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दोनों दोस्त हैं और नशे के आदी हैं। नशे की लत पूरी करने के लिए घरों में घुसकर चोरी करते थे। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के समय भी वे चोरी की फिराक में घूम रहे थे। मामले में बरामदगी के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए) और 317(2) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छह कंगन, दो गले के हार, पीली धातु की चार अंगूठियां, एक टीका, झुमके, दो कान के टॉप्स, छह नाक की नथ, आठ पाजेब, सफेद धातु की तीन अंगूठियां, दो बिछुए, तीन हाथ की घड़ियां, एक मटर माला, तीन अन्य हार, 31 छोटे-बड़े झुमके, मूंगे जड़े आठ टीके, सात चूड़ियां और मूंगे की नौ मालाएं बरामद की हैं।

0 टिप्पणियाँ