भूतेश्वर ग्राउंड पर नॉर्थ इंडिया दिवाली कप-2026 का हुआ शुभारंभ
रिपोर्ट मनोज कश्यप
सहारनपुर- एसबीबीए क्रिकेट एकेडमी की ओर से शनिवार को भूतेश्वर ग्राउंड पर नॉर्थ इंडिया दिवाली कप-2026 का शुभारंभ हुआ। टूर्नामेंट के उद्घाटन मुकाबले में दृष्टि-11 ने चौहान क्रिकेट एकेडमी, सहारनपुर को 33 रन से हराया। दृष्टि-11 के अर्पित शंकर को दो विकेट लेने के प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दृष्टि-11 ने निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट पर 154 रन बनाए। राघव शर्मा ने 35 और अतुल यादव ने 32 रन का योगदान दिया। चौहान क्रिकेट एकेडमी की ओर से आर्यांश ने तीन, जबकि केशव अरोड़ा ने दो विकेट लिए।लक्ष्य का पीछा करने उतरी चौहान क्रिकेट एकेडमी की टीम 19.4 ओवर में 121 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से हर्ष ने 37 और तरुण ने 25 रन बनाए। दृष्टि-11 की ओर से अर्पित शंकर और हारिस ने दो-दो विकेट हासिल किए। इस तरह दृष्टि-11 ने 33 रन से मुकाबला जीत लिया।मैच के बाद अर्पित शंकर को मैन ऑफ द मैच की ट्रॉफी प्रदान की गई। उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि न्यायिक मजिस्ट्रेट पीके सिंह के साथ नदीम उमर, राजीव गोयल, रणधीर कपूर और भूपेंद्र कच्छल मौजूद रहे।एसबीबीए क्रिकेट एकेडमी के कोच राजीव गोयल टप्पू ने बताया कि प्रतियोगिता में आठ टीमें हिस्सा ले रही हैं। इनमें एसबीबीए क्रिकेट एकेडमी, दृष्टि-11, अल्फा जायंट्स नोएडा, वंडर स्पोर्ट्स मेरठ, चौहान क्रिकेट एकेडमी सहारनपुर, होली चाइल्ड शामली, यंगस्टर्स क्लब दिल्ली और अहलावत क्रिकेट एकेडमी मेरठ शामिल हैं।टूर्नामेंट के सभी मुकाबले भूतेश्वर ग्राउंड पर 20-20 ओवर के प्रारूप में सफेद लेदर बॉल से खेले जा रहे हैं। प्रतियोगिता की विजेता टीम को नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज और सर्वश्रेष्ठ फील्डर को ट्रॉफी दी जाएगी। प्रत्येक मैच में मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार भी प्रदान किया जा रहा है।टूर्नामेंट का अगला मुकाबला रविवार सुबह नौ बजे यंगस्टर्स क्लब दिल्ली और चौहान क्रिकेट एकेडमी, सहारनपुर के बीच भूतेश्वर ग्राउंड पर खेला जाएगा।

0 टिप्पणियाँ