Ticker

6/recent/ticker-posts

राजेंद्र शर्मा के मोनोग्राफ का शन्नो खुराना ने किया लोकार्पण

 राजेंद्र शर्मा के मोनोग्राफ का शन्नो खुराना ने किया लोकार्पण  

पद्मभूषण शन्नो खुराना की संगीत व जीवन यात्रा पर आधारित है मोनोग्राफ  

रिपोर्ट अमान उल्ला खान

सहारनपुर-सहारनपुर के कवि व कला-संस्कृति समीक्षक राजेंद्र शर्मा द्वारा हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत की विश्वविख्यात गायिका और संगीत-शिक्षिका 99 वर्षीय पद्मभूषण शन्नो खुराना के जीवन, संगीत-साधना और बहुआयामी व्यक्तित्व पर आधारित मोनोग्राफ ‘शब्दों में शताब्दी स्वर’ का लोकार्पण दिल्ली में स्वयं शन्नो खुराना ने एक समारोह में किया। मोनोग्राफ में राजेंद्र शर्मा द्वारा गत दस वर्षो मेें शन्नो खुराना की लंबी संगीत यात्रा व जीवन यात्रा पर हुए निरंतर संवाद और देश के प्रमुख हिंदी-अंग्रेजी के पत्र-पत्रिकाओं में उनके द्वारा लिखे गए दर्जनों लेखों को आधार बनाया गया है। 

मोनोग्राफ में शन्नो खुराना के दीर्घ सांगीतिक जीवन को अतीत की स्मृतियों से वर्तमान तक जोड़ा गया है। मोनोग्राफ में शन्नो खुराना की संगीत एवं जीवन यात्रा पर आधारित राजेंद्र शर्मा की सात कविताएं भी शामिल हैं। मोनोग्राफ का संपादन कला और संगीत के अध्‍येता राजेश गनोतवाले ने किया है। समारोह का आयोजन शन्नो खुराना के शताब्दी वर्ष से पूर्व दिल्ली में रज़ा फ़ाउंडेशन और इंडिया इंटरनेशनल सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। शन्नो खुराना का जन्म 23 दिसंबर 1927 को हुआ था और 23 दिसंबर 2026 से उनका जन्मशताब्दी वर्ष आरंभ होगा। इसी महत्वपूर्ण अवसर की पूर्व पीठिका के रूप में यह मोनोग्राफ तैयार कर इसे ‘शब्दों में शताब्दी स्वर’ नाम दिया गया है।मोनोग्राफ में जहां शन्नो खुराना के व्यक्तित्व के अनेक पक्षों को सामने लाने का प्रयास किया गया हैं वहीं उनके दुर्लभ पुराने चित्र और पुरस्कारों से संबंधित दस्तावेज़ व विभिन्न अवसरों के छायाचित्र भी इसमें शामिल हैं। मोनोग्राफ में शन्नो खुराना द्वारा राजेन्‍द्र शर्मा के संबध में की गयी सारगर्भित टिप्‍पणी के ख्‍यात संगीत अध्‍येता प्रो. नमन आहूजा, संगीत नाटक अवार्डी ख्‍यात फोटोग्राफर अविनाश पसरीचा, संगीत नाटक अकादमी अवार्डी प्रख्‍यात संगीत समीक्षक मंजरी सिन्हा द्वारा शन्‍नो खुराना के संगीत सफर और राजेन्‍द्र शर्मा के दस वर्ष के कार्य पर की गयी टिप्‍पणी भी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

आगामी त्यौहारों, दुर्गा पूजा, रामलीला एवं दशहरा के सकुशल आयोजन हेतु की गयी थानेवार समीक्षा, उपस्थित रहे संभ्रान्तजन एवं आयोजक