खण्ड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन हेतु हुई जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट की प्रशिक्षण बैठक
22 अक्टूबर को रेनबो स्कूल से रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां, 23 को होगा मतदान
रिपोर्ट अमान उल्ला खान
सहारनपुर-जिला निर्वाचन अधिकारी/सहायक रिटर्निंग ऑफिसर मेरठ खण्ड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन श्री अरविंद कुमार चौहान की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में उत्तर प्रदेश राज्य विधान परिषद मेरठ खण्ड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचन 2026 हेतु जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट की प्रशिक्षण बैठक आहूत की गई।बैठक में निर्वाचन की विशिष्ट प्रक्रियात्मक सावधानियां, मतदान पूर्व दायित्व, पोलिंग पार्टियों की रवानगी, मतदान दिवस के दायित्व, मतदान समाप्ति एवं स्ट्रांग रूम में सामग्री जमा, प्रशासनिक अनुपालन एवं आचरण संबंधी दिशा निर्देश दिए गए। श्री अरविंद कुमार चौहान ने निर्देश दिए कि सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट दो दिन के अंदर निरीक्षण कर प्रत्येक बूथ पर आवश्यक न्यूनतम सुविधाओं की रिपोर्ट उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। मतदान के दिन प्रत्येक दो घंटे के अंतराल पर मतदान प्रतिशत की सूचना, कानून व्यवस्था की स्थिति, किसी भी प्रकार की असामान्य घटना की रिपोर्ट कंट्रोल रूम को समय से दी जाए। कोई भी बात हो तो तत्काल अपने जोनल मजिस्ट्रेट या इलेक्शन ऑफिस को अवगत कराएं। सभी अपने रूट चार्ट एवं कम्युनिकेशन प्लान को अच्छे से देख लें। 22 अक्टूबर को समस्त मतदान टोलियां अपने अपने मतदेय स्थलों के लिए रेनबो स्कूल से प्रस्थान करेंगी। मतदान केंद्रों की 100 मीटर की परिधि में राजनीतिक दलों एवं प्रत्याशियों के प्रचार सामग्री व अनधिकृत जमावड़े पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित किया जाए।बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन लवी त्रिपाठी, सिटी मजिस्ट्रेट श्री कुलदीप सिंह सहित समस्त जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ