सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विकास खंड नागल में स्वयं सहायता समूह की दीदियों ने बनाई रंगोली, मा0 जिला पंचायत अध्यक्ष ने महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने की सराहना की
रिपोर्ट अमान उल्ला खान
सहारनपुर-सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज विकास खंड नागल परिसर में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की स्वयं सहायता समूह की दीदियों द्वारा रंगोली पेंटिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय जिला पंचायत अध्यक्ष श्री मांगेराम चौधरी उपस्थित रहे। इस अवसर पर स्वयं सहायता समूहों की दीदियों ने आकर्षक रंगोलियों के माध्यम से अपनी रचनात्मकता एवं प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने स्वयं सहायता समूहों की दीदियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न उत्पादों की प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया तथा उनके प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया।
मुख्य अतिथि श्री मांगेराम चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं छोटे एवं कुटीर उद्योगों को अपनाकर आत्मनिर्भर बन रही हैं। समूह की दीदियों द्वारा घरेलू उपयोग के उपकरणों एवं अन्य उत्पादों का निर्माण कर उन्हें आजीविका के साधन के रूप में विकसित करना सराहनीय पहल है। इससे महिलाओं की आय में वृद्धि होने के साथ ही परिवार की आर्थिक स्थिति भी सुदृढ़ होती है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की मेहनत, कौशल और आत्मविश्वास ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान कर रहे हैं।उन्होंने बालाजी स्वयं सहायता समूह की दीदी पूनम, ज्योति स्वयं सहायता समूह की दीदी डुमना तथा दुर्गा स्वयं सहायता समूह, पहाड़पुर की दीदी शशि के प्रयासों की सराहना की। इन दीदियों द्वारा स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से प्रतिमाह लगभग 10 हजार रुपये की आजीविका अर्जित करना अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहल से महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त होने के साथ-साथ आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।मुख्य अतिथि ने विकास खंड नागल में संचालित स्वयं सहायता समूहों एवं उनसे जुड़ी महिलाओं के कार्यों की सराहना करते हुए बताया कि विकास खंड में कुल 1,407 स्वयं सहायता समूह संचालित हैं। उन्होंने लखपति दीदियों तथा विद्युत सखी, बैंक सखी, एफएलसीआरपी, स्वास्थ्य सखी और आजीविका सखी के रूप में कार्य कर रही महिलाओं के योगदान की प्रशंसा की। उन्होंने सभी दीदियों को उत्कृष्ट कार्य करने तथा माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के महिला सशक्तीकरण एवं आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने में योगदान देने के लिए बधाई दी।कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि एवं अन्य उपस्थित पदाधिकारियों द्वारा स्वयं सहायता समूहों की दीदियों तथा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला महामंत्री, भाजपा श्री पवन सवई, मंडल अध्यक्ष श्री पवन त्यागी, श्री कपिल डाबर, भाजपा नेत्री श्रीमती राकेश सहल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में खंड विकास अधिकारी नागल श्री असलम परवेज ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित करना, स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियों को बढ़ावा देना तथा महिलाओं को आजीविका के नए अवसरों से जोड़कर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना रहा।
0 टिप्पणियाँ