ग्लोकल यूनानी मेडिकल कॉलेज में विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर विविध कार्यक्रम आयोजित
रिपोर्ट अमान उल्ला खान
सहारनपुर-ग्लोकल यूनिवर्सिटी के अतिरिक्त प्रतिकुलाधिपति श्री सैयद निजामुद्दीन के नेतृत्व तथा कुलपति प्रोफेसर जॉन फिनबे के मार्गदर्शन एवं रजिस्ट्रार प्रोफेसर शिवानी तिवारी के सहयोग से ग्लोकल यूनानी मेडिकल कॉलेज, हॉस्पिटल एवं रिसर्च सेंटर में विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के बीच संतुलन के महत्व को समझाना था।कार्यक्रम के दौरान कॉलेज के प्राचार्य-प्रभारी डॉ. मोहम्मद कलीम ने अपने संबोधन में कहा कि सामान्यतः लोग शारीरिक स्वास्थ्य को अधिक महत्व देते हैं, जबकि मानसिक स्वास्थ्य पर अपेक्षाकृत कम ध्यान दिया जाता है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि स्वस्थ जीवन के लिए मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी उतना ही आवश्यक है। मानसिक तनाव, भावनात्मक समस्याओं और मनोवैज्ञानिक चुनौतियों को समझना तथा आवश्यकता पड़ने पर उचित सहयोग प्राप्त करना विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण प्रोफेसर रेहान शफी का विभाग-ए-तहफ्फुजी व समाजी तिब, का व्याख्यान रहा। उन्होंने “विद्यार्थियों का मानसिक स्वास्थ्य” विषय पर विचार व्यक्त करते हुए मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को साझा करने, अपनी भावनाओं को व्यक्त करने और आवश्यकता पड़ने पर उचित मार्गदर्शन एवं परामर्श लेने के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने सोशल मीडिया के विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभावों के बारे में भी बताया तथा विद्यार्थियों को सोशल मीडिया का संतुलित और जिम्मेदार उपयोग करने की सलाह दी। कार्यक्रम के अगले चरण में विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस की थीम के अनुरूप विद्यार्थियों के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इनमें पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता एवं स्लोगन लेखन प्रतियोगिता प्रमुख रहीं। इन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पोस्टर निर्माण एवं स्लोगन लेखन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार तथा प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम का संचालन डॉ. महमूद ने किया। अंत में डॉ. मोहम्मद मुशफिक ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का औपचारिक समापन हुआ। विद्यार्थियों के मानसिक तनाव को कम करने, उनमें खेल भावना विकसित करने तथा शिक्षक-विद्यार्थी संबंधों को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से कॉलेज के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के बीच मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच का आयोजन भी किया गया। इस अवसर पर डॉ. मोहम्मद जावेद, डॉ. मोहम्मद अरशद खान, डॉ. अंजुम जावेद, डॉ. मसीहुल्लाह, डॉ. इनायतुल्लाह, डॉ. शमाइला, डॉ. मोहम्मद इमलाक, डॉ. गौसिया, डॉ. अरशद, डॉ. ग़ज़ाला, डॉ. रहनुमा, डॉ. शफीक, डॉ. ऐनी, डॉ. उरूज, डॉ. अब्दुल कादिर, डॉ. मोहम्मद अफ़ज़ल, मोहम्मद ज़ीशान, मोहम्मद फ़िरोज़, मोहम्मद अरशद, निखत, अनवर खान, दिलीप कुमार तथा मोहम्मद शादाब सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


0 टिप्पणियाँ