शिक्षकों को सम्मानित कर कस्बे में धूमधाम से मनाया गया शिक्षक दिवस
बच्चों को नई दिशा व मार्गदर्शन की आवश्यकता, शिक्षक होते है प्रगति की नींव-बीएसए कोमल
रिपोर्ट एसडी गौतम
नागल- कस्बे के पांडोली रोड़ स्थित डेट वैली स्कूल में मान्यता प्राप्त विद्यालय महासंघ की नागल ब्लॉक इकाई द्वारा शिक्षक दिवस के अवसर पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्ण के चित्र सम्मुख दीप प्रज्वलित कर बेसिक शिक्षा अधिकारी कोमल, संगठन के प्रदेश अध्यक्ष पवन सिंह राठौड़, जिलाध्यक्ष प्रीतम सिंह व सीएचसी प्रभारी प्रतिनिधि डॉक्टर सूरज सिंह द्वारा विशेष रूप से किया गया।
सम्मान समारोह में जनपदभर से जमा हुए अध्यापकों को संबोधित करते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) कोमल देवी ने कहा कि शिक्षक समाज की रीढ़ हैं जो न केवल बच्चों को शिक्षा प्रदान करते हैं बल्कि उनके अंदर संस्कार और जीवन जीने की कला भी विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि बदलते समय में शिक्षक की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो गई है क्योंकि बच्चों को नई दिशा और मार्गदर्शन की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अधिक सहयोग करना चाहिए ताकि वह भविष्य निर्माण में सहभागी बन सके। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष पवन सिंह राठौड़ ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माता होते हैं और विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने में उनकी सबसे बड़ी भूमिका होती है। जिलाध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि शिक्षक दिवस हम सभी को यह याद दिलाता है कि शिक्षा ही समाज को सशक्त और समृद्ध बना सकती है। सीएचसी प्रभारी प्रतिनिधि डॉ. सूरज सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य किसी भी समाज की प्रगति की सबसे मजबूत नींव हैं और शिक्षक इस नींव को मजबूती प्रदान करते हैं। कार्यक्रम में जनपद के ग्यारह ब्लॉकों से आए बारह अध्यापकों को शिक्षक रत्न से अलंकृत कर स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। वहीं नागल ब्लॉक में बेस्ट प्रिंसिपल अवार्ड भी प्रदान किए गए। इस अवसर पर ओमप्रकाश जैन, गुलफाम अली व एसडी गौतम समेत आदि मीडिया बंधुओं को भी स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में सरस्वती शिशु मंदिर तथा तेजस इंटरनेशनल स्कूल के बच्चों ने आकर्षक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी। कार्यक्रम का सफल संचालन तेजस इंटरनेशनल स्कूल के डायरेक्टर हेमंत अरोड़ा तथा विकास पंवार ने संयुक्त रूप से किया। सभी पदाधिकारियों ने अंत में कार्यक्रम संयोजक वस्कूल प्रबंधक तसव्वर अली व अमित चौधरी को सफल आयोजन के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। इस दौरान महासंघ के पदाधिकारी व जनपदभर के अध्यापकगण मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ