दारुल उलूम में प्रवेश परीक्षा को आनलाइन आवेदन प्रक्रिया आरंभ
इच्छुक छात्र 16 मार्च तक कर सकेंगे आवेदन, एडमिट कार्ड भी वेबसाइट से ही होगा डाउनलोड
दारुल उलूम के इस नए नियम से छात्रों को राहत, यात्रा नहीं करनी पड़ेगी۔
रिपोर्ट-समीर चौधरी
देवबंद-विश्व प्रसिद्ध इस्लामिक शिक्षण संस्थान दारुल उलूम देवबंद में नवीन शिक्षण सत्र की प्रवेश परीक्षा के लिए आनलाइन प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। संस्था में प्रवेश के इच्छुक छात्र 16 मार्च तक आवेदन कर सकेंगे।
दारुल उलूम में प्रवेश परीक्षा को लेकर दारुल उलूम ने बुधवार को जरूरी दिशा निर्देश जारी किए। शिक्षा विभाग की ओर से जारी निर्देशा में बताया गया है कि छात्र संस्था की वेबसाइट पर जाकर प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन कर सकेंगे। आवेदन करने के दौरान छात्र अपनी व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी को सावधानीपूर्वक भरें। उन्होंने कहा कि केवल आनलाइन आवेदन ही स्वीकार होंगे तथा 16 मार्च के बाद आने वाले फार्मों को स्वीकार नहीं किया जाएगा। यह भी कहा गया कि प्रवेश परीक्षा को आने वाले छात्र अपना एडमिट कार्ड भी संस्था की वेबसाइट से डाउनलोड करें और इसे अवश्य अपने साथ लाएं। संस्था ने यह भी सख्त निर्देश दिए कि किसी भी छात्र को परीक्षा कक्ष में मोबाइल या किसी अन्य प्रकार का इलैक्ट्रानिक उपकरण लाने की इजाजत नहीं होगी। बता दें कि दारुल उलूम की सुप्रीम पावर कमेटी मजलिस ए शूरा ने नवीन सत्र में प्रवेश परीक्षा के लिए केवल आनलाइन फार्म भरे जाने के प्रस्ताव पर मुहर लगाई थी। पूर्व में छात्र दारुल उलूम पहुंच कर ही प्रवेश परीक्षा के लिए फार्म भरते थे। इससे जहां देवबंद तक आने में उनका किराया भाड़ा खर्च होता था वहीं समय की भी बर्बादी होती थी। अब संस्था के इस फैसले के बाद से छात्रों को राहत मिली है।
0 टिप्पणियाँ