आबकारी विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब के गोरखधंधे का किया भंडाफोड़,अवैध शराब की भारी खेप की बरामद
रिपोर्ट नदीम निजामी
नकुड़-नगर के व्यस्ततम बस स्टैंड क्षेत्र में आबकारी विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब के गोरखधंधे का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान एक ढाबे से अवैध शराब की भारी खेप बरामद की गई, जबकि ढाबा संचालक को मौके से हिरासत में लेकर कोतवाली नकुड़ भेज दिया गया।
शनिवार देर शाम सहारनपुर से पहुंची आबकारी विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बस स्टैंड स्थित तनिष्क ढाबे पर अचानक छापा मारा। तलाशी के दौरान ढाबे के अंदर बने भंडारण स्थल से बड़ी संख्या में अवैध शराब की पेटियां बरामद हुईं, जिसे देखकर टीम भी हैरान रह गई। कार्रवाई के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सूचना फैलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में जमा हो गए। आबकारी टीम ने ढाबा संचालक को मौके से पकड़कर कोतवाली पहुंचाया, जहां उससे अवैध शराब के भंडारण और सप्लाई नेटवर्क को लेकर गहन पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि ढाबे की आड़ में लंबे समय से अवैध शराब का कारोबार संचालित किया जा रहा था।गौरतलब है कि नगर के सबसे संवेदनशील और व्यस्त इलाके में इतनी बड़ी मात्रा में अवैध शराब की बरामदगी ने स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह है कि बस स्टैंड जैसे क्षेत्र में चल रहे इस अवैध कारोबार की भनक पुलिस को अब तक क्यों नहीं लगी।फिलहाल पुलिस और आबकारी विभाग संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रहे हैं। सूत्रों के अनुसार शराब की सप्लाई चेन को खंगाला जा रहा है। वहीं आरोपी के खिलाफ किन धाराओं में कार्रवाई की गई है, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी मीडिया को नहीं दी गई है।
0 टिप्पणियाँ