बाइक की टक्कर से वृद्धा की मौत, चालक बाइक छोड़कर फरार
कासिमपुरा गांव का मामला, घर से घेर में जा रही थी मृतका
रिपोर्ट समीर चौधरी
देवबंद- कासिमपुरा गांव में घर से घेर जाने के लिए निकली छोटी (72) को बाइक ने टक्कर मार दी। इसमें वह गंभीर रुप से घायल हो गई। सरकारी अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
कासिमपुरा गांव निवासी कश्मीरी की पत्नी छोटी बुधवार को शाम के समय घर के बराबर में स्थित घेर में किसी काम से जा रही थी। जैसे ही वह सड़क पर पहुंची पीछे से आई तेज गति बाइक ने उसे चपेट में लिया। इसमें वह गंभीर रुप से घायल हो गई। जिसे परिजनों ने नगर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालत के चलते उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि हादसे के बाद चालक बाइक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। जिसे कब्जे में ले लिया गया है। चालक कौन है बाइक के नंबर से उसकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
0 टिप्पणियाँ