Ticker

6/recent/ticker-posts

ढमोला की सफाई के बाद करायी जायेगी पांवधोई की सफाई

 ढमोला की सफाई के बाद करायी जायेगी पांवधोई की सफाई

जिला उद्योग बंधु व जिला व्यापार बंधु की बैठकों में समस्याओं के निस्तारण पर हुआ मंथन

रिपोर्ट अमान उल्ला खान

सहारनपुर- नगरायुक्त शिपू गिरि ने अधिकारियों को निर्देश दिए है कि नाली-नालों की सफाई के बाद निकलने वाली सिल्ट सड़क पर एक दिन से ज्यादा ना रहे। उन्होंने नगर स्वास्थय अधिकारी को कहा कि सभी वार्डों में नाले-नालियों की ठीक से सफाई हो गयी है या नहीं ये भी सुनिश्चित कर लें। उन्होंने शहर के कूड़ाघरो पर पेंटिंग कराने व दरवाजे आदि ठीक कराने के भी निर्देश दिए। 

नगरायुक्त निगम के शांकुभरी सभागार में जिला व्यापार बंधु की बैठक के दौरान समस्याओं के निस्तारण पर विस्तार से चर्चा कर रहे थे। बाद में उन्होंने जिला उद्योग बधु की बैठक को भी संबोधित किया। व्यापारी नुसरत साबरी द्वारा पांवधोई की सफाई का भी मुद्दा उठाया गया। अधिकारियों ने बताया कि अभी ढमोला पर पोकलेन द्वारा सफाई का कार्य कराया जा रहा है, उसके बाद पांवधोई की सफाई करायी जायेगी। मुकुंद मनोहर गोयल ने शहीद गंज से अंसारी रोड पर पांवधोई नदी तक आने वाले नाले की जीर्ण-शीर्ण स्थिति का मामला उठाया। जिस पर नगरायुक्त ने मुख्य अभियंता निर्माण को नाले को ठीक कराने के लिए आगणन तैयार कराने के निर्देश दिए। व्यापारी रोहित घई ने हकीकत नगर में सीएम ग्रिड की कार्यदायी संस्था द्वारा एक निजी प्लाट में एक वर्ष पूर्व व्यर्थ छोडे़ गए़ बडे़ पाइप हटवाने की मांग की। जिस पर मुख्य अभियंता निर्माण को तुरंत हटवाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा लोहानी सराय का शौचालय ठीक कराने, पालिका बाजार सब्जी मण्डी पुल के पास यूरिनल बनवाने, अंसारी रोड पर शिवालिक बैंक के पास सड़क के गड्ढे़ भरवाने, शौचालयों की साफ सफाई कराने, पुल खुमरान का कूड़ाघर हटवाने, हकीकत नगर सीएम ग्रिड से अतिक्रमण हटवाने आदि मुद्दे भी व्यापारियों द्वारा उठाये गए। व्यापारी हरपाल सिंह, जसवंत बतरा, नरेश धीमान व राजेश गुलाटी आदि ने अनेक समस्याओं की ओर ध्यान दिलाया।
जिला उद्योग बंधु की बैठक में आईआईए, लघु उद्योग भारती, होजरी एसोसियेशन, सीआईएस से सम्बंधित सुनील सैनी, गौरव चौपड़ा, विकास मलिक, रविंद्र मिगलानी, आशीष मित्तल, आदि उद्यमियों द्वारा जनता रोड पर अतिक्रमण हटाने का मामला उठाया गया। अतिक्रमण सहप्रभारी सुधीर शर्मा ने बताया कि जनता रोड पर आज अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया है, कुछ दुकानदारों ने अपना सामान स्वयं ही हटाना शुरु कर दिया है। यदि इसके बाद भी कोई अतिक्रमण रहता है तो उसे भी हटा दिया जायेगा। अंबाला रोड पर डबनी वाला कब्रिस्तान के निकट निगम की खाली पडी जमीन को सुरक्षित करने की मांग की गयी। जिस पर नगरायुक्त ने मुख्य अभियंता निर्माण को उक्त स्थान की तारबाड़ करने के निर्देश दिए। कामधेनु उद्योग नगर में अधिकांश लाइटें खराब होने की ओर ध्यान दिलाये जाने पर नगरायुक्त ने अधिकारियों को कामधेनु उद्योग नगर की सभी लाइटें चैक करने और जो खराब है उन्हें ठीक कराने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उद्यमियों ने अनेक क्षेत्रों में जलभराव की समस्या की ओर ध्यान दिलाया । जिस पर अधिकारियों ने बताया कि उक्त क्षेत्रों में जल निकासी हेतु नाला निर्माण के लिए आगणन तैयार कर लिए गए है जिन्हें 15वें वित्त की बैठक में रखा जायेगा। स्वीकृति उपरान्त कार्य शुरु कराया जायेगा। उक्त दोनों बैठकों में अपर नगरायुक्त मृत्युंजय, मुख्य अभियंता निर्माण सुरेश चंद, महाप्रबंधक जल पुरुषोत्तम कुमार व नगर स्वास्थय अधिकारी डॉ. प्रवीण शाह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल रहे।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

सरस्वती शिशु मंदिर का परीक्षाफल घोषित, पुरस्कार पाकर खुश हुए बच्चे