शिक्षकों ने कैबिनेट मंत्री का अभिनंदन कर ज्ञापन सौंपा,कारवाई की मांग
रिपोर्ट श्रवण कुमार झा
हरिद्वार- राजकीय प्राथमिक शिक्षक एसोसिएशन,जनपद हरिद्वार के पदाधिकारियों ने प्रदेश के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक का अभिनंदन करते हुए उन्हें शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं के समाधान संबंधी ज्ञापन सौंपा।इस दौरान संगठन ने शिक्षकों से जुड़े अहम मुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा जताई।
जिला अध्यक्ष जितेंद्र सिंह,जिला कोषाध्यक्ष राजेश कुमार एवं जिला महामंत्री दर्शन सिंह पंवार के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक प्रदेश के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं,लेकिन वर्तमान में वे कई व्यावहारिक समस्याओं से जूझ रहे हैं।ज्ञापन में पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) को बहाल करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।संगठन का कहना है कि वर्ष 2004 के बाद नियुक्त शिक्षकों को नई पेंशन योजना (एनपीएस) के अंतर्गत रखा गया है,जो बाजार आधारित होने के कारण सुरक्षित नहीं है।ऐसे में शिक्षकों के हित में पुरानी पेंशन योजना को पुनःलागू किया जाना आवश्यक है।इसके अलावा अगस्त 2010 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को टीईटी से छूट देने की भी मांग की गई।संगठन के अनुसार,इन शिक्षकों की नियुक्ति तत्कालीन नियमों के अनुसार हुई थी,इसलिए बाद में लागू की गई टीईटी अनिवार्यता लागू करना न्यायसंगत नहीं है।ज्ञापन में यह भी मांग उठाई गई कि माता-पिता के निधन पर शिक्षकों एवं कर्मचारियों को 15 दिन का विशेष शोक अवकाश प्रदान किया जाए,ताकि वे अपने पारिवारिक दायित्वों का निर्वहन कर सकें।संगठन ने उम्मीद जताई कि सरकार शिक्षकों की इन जायज मांगों पर संवेदनशीलता के साथ विचार कर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगी।इस दौरान संरक्षक घनश्याम सिंह,जितेंद्र सिंह, दर्शन सिंह पंवार,डॉ.शिवा अग्रवाल,रवि कुमार गोस्वामी,शरद भारद्वाज,विनेश चौहान,अजय चौहान,तेज प्रकाश,चंद्रकांत बिष्ट,सुनील नेगी,अजय कुमार,नितिन कुमार,हेमचंद जोशी,विपिन सचान,राजेश रौथान,राजीव चौहान,भारत मोहन गौड़,संजीव कुमार सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ