सीएम ग्रिड-2 के निर्माण में जनता को परेशानी न हो-महापौर
38 करोड़ से बनेगी जैन कॉलेज-आवास विकास-दिल्ली रोड
मार्च 2027 तक पूरा हो जायेगा सीएम ग्रिड-2 में बनने वाली जैन कॉलेज रोड का कार्य
रिपोर्ट अमान उल्ला खान
सहारनपुर-सीएम ग्रिड फेज-2 योजनान्तर्गत बनने वाली सड़क का आज शाम महापौर डॉ. अजय कुमार व क्षेत्रीय पार्षद दिग्विजय चौहान की उपस्थिति में आवास विकास व जैन कॉलेज रोड के प्रमुख लोगों को स्क्रीन पर डेमो दिखाया गया। सड़क अनुपम स्वीट्स से जैन कॉलेज रोड व आवास विकास होते हुए दिल्ली रोड स्थित मोहन पाण्डेय के अस्पताल तक बनायी जायेगी। दो किमी. लंबी इस सड़क पर 38 करोड़ 17 लाख रुपये लागत आयेगी। सड़क निर्माण कार्य पूरा होने का समय 11 मार्च 2027 रखा गया है।
नगर निगम के शाकुंभरी सभागार में महापौर डॉ. अजय कुमार की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में कार्यदायी संस्था एसआरएस कंस्ट्रक्शन प्रा.लि. आगरा के प्रोजेक्ट मैनेजर हरेंद्र ने स्क्रीन पर परियोजना का डेमो दिखाते हुए बताया कि सीएम ग्रिड फेज-2 योजनान्तर्गत बनने वाली सड़क के दौरान वाटर लाइन, सीवर सर्विस लाइन, स्टार्म वाटर डेªन 450 एमएम हयूम पाइप, भूमिगत विद्युत लाइन कार्य, भूमिगत डक्ट का कार्य, फुटपाथ, स्ट्रीट लाइट-पोल्स एवं बोलार्ड, स्ट्रीट फर्नीचर( बैंच व डस्टबिन), रोड साइनेज तथा लेण्ड स्केपिंग एण्ड ग्रीनरी वर्क आदि कार्य किये जायेंगे। महापौर डॉ. अजय कुमार ने कहा कि आज परियोजना से जुडे़ अधिकारियों, कार्यदायी संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर तथा क्षेत्र के लोगों को बुलाने का उद्देश्य यह है कि सीएम ग्रिड-वन के निर्माण कार्य के दौरान जो परेशानियां क्षेत्रीय लोगों को आयी थी, इस बार लोगों को उनका सामना न करना पडे़। निर्माण कार्य चरणबद्धता के साथ इस तरह किया जाए कि सड़क चलती रहे और निर्माण कार्य से लोगों को परेशानी न हो। उन्होंने लोगों से भी निर्माण कार्य के दौरान निगम व कार्यदायी संस्था को सहयोग देने का आह्वान किया। क्षेत्रीय पार्षद और क्षेत्रीय लोगों से भी सुझाव लिए गए। पार्षद दिग्विजय चौहान ने कहा कि दिल्ली रोड, आवास विकास व जैन कॉलेज रोड के आसपास काफी जलभराव बरसात में होता है, चंूकि नालों का ढलान और उनका जुड़ाव ठीक नहीं है। उनका सुझाव था कि नालों की लेवलिंग ठीक कराते हुए पानी निकासी की समस्या का समाधान भी इस परियोजना के तहत किया जाए अन्यथा जलभराव से सड़क खराब हो जायेगी। उन्होंने जैन कॉलेज रोड व आवास विकास में सड़क निर्माण में बाधा बनने वाले अतिक्रमण को हटाने पर भी जोर दिया।क्षेत्र के सूरजमल, पूर्व पार्षद राजेंद्र चौधरी, संजय कपूर, अनिल महलका आदि ने भी अतिक्रमण व फुटपाथ को लेकर सुझाव दिए। उनका कहना था कि बरसात में काम शुरु न किया जाए और घरों के सामने फुटपाथ ज्यादा ऊंचे न रखे जाएं। डॉ. वीरेंद्र आजम का सुझाव था कि फुटपाथ कम चौडे़ रखते हुए पार्किंग के लिए स्थान अवश्य छोड़ा जाए। अधिशासी अभियंता विद्युत अवधेश कुमार व महाप्रबंधक स्मार्ट सिटी दिनेश सिंघल ने सड़क निर्माण व विद्युत केबलिंग तथा ट्रांसफार्मर लगाने को लेकर अनेक तकनीकी बातों से अवगत कराया। बैठक में महाप्रबंधक जल पुरुषोत्तम कुमार, निर्माण विभाग के जेई मदनपाल, अनुज कुमार व अनूप सहित स्मार्ट सिटी के भी अनेक अधिकारी शामिल रहे।
0 टिप्पणियाँ