खट्टर बंधुओं की गिरफ्तारी के खिलाफ हिंदुवादी संगठनों ने निकाला विरोध मार्च
रिपोर्ट श्रवण कुमार झा
हरिद्वार-यूट्यूबर और हिंदूवादी इन्फ्लुएंसर गौतम खट्टर और उनके भाई माधव खट्टर की गोवा पुलिस द्वारा की गई गिरफ्तारी के खिलाफ बुधवार को विभिन्न हिंदूवादी संगठनों और साधु-संतों ने ऋषिकुल मैदान से सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय तक विरोध मार्च निकाला। हिंदूवादी कार्यकर्ता हाथों में भगवा ध्वज और तख्तियां लेकर गौतम खट्टर को रिहा करो,हिंदू दमन बंद करो के नारे लगाते हुए शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पहुंचे और केंद्र सरकार तथा गोवा पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया।प्रदर्शन के बाद सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय के माध्यम से प्रधानमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे राष्ट्रीय बजरंग दल और अन्य हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों ने कहा कि गौतम खट्टर एक राष्ट्रवादी वक्ता हैं,जो केवल इतिहास के तथ्यों को जनता के सामने रख रहे थे।कार्यकर्ताओं का आरोप है कि गोवा में सेंट जेवियर और मिशनरियों के इतिहास पर सच्चाई बोलने के कारण उनके खिलाफ एकतरफा कार्रवाई की गयी है।योगी शक्ति ब्रह्मचारी,राकेश उत्तराखंडी, स्वामी संदीप,विशाल राणा ने कार्रवाई को अभिव्यक्ति की आजादी का हनन और हिंदू समाज का अपमान करार देते हुए कहा कि यदि खट्टर भाइयों की जल्द रिहाई सुनिश्चित नहीं की गई,तो यह आंदोलन केवल हरिद्वार तक सीमित नहीं रहेगा।न्याय नहीं मिलने पर जेल भरो आंदोलन शुरू करेंगे और सत्ताधारी दल के नेताओं का घेराव कर बड़े पैमाने पर प्रदर्शन किया जाएगा।
0 टिप्पणियाँ