क्या-क्या प्रश्न पूछने हैं तथा एचएलओ ऐप की दी गयी ट्रेनिंग
जनगणना की प्रथम चरण की तीन दिवसीय ट्रेनिंग का हुआ समापन
रिपोर्ट-अमान उल्ला खान
सहारनपुर- जिलाधिकारी के निर्देश पर जनगणना की प्रथम चरण की ट्रेनिंग का आज समापन हो गया हैं। ट्रेनिंग के दौरान एचएलओ ऐप का प्रशिक्षण व जनगणना कैसे की जायेगी, इसके सम्बंध में विस्तार से जानकारी दी गयी। जोन तीन की ट्रेनिंग राजकीय इंटर कॉलेज नेहरु मार्किट में तथा जोन-दो की ट्रेनिंग राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में जनगणना निदेशालय के सहायक निदेशक आशुतोष की देखरेख में सम्पन्न करायी गयी। जनगणना को गंभीरता से न लेकर ट्रेनिंग के दौरान अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
जोन दो की चार्ज अधिकारी व कर निर्धारण अधिकारी श्रुति माहेश्वरी ने 245 कर्मचारियों की टेªनिंग राजकीय कन्या इण्टर कॉलेज व 215 कर्मचारियों की ट्रेनिंग जीआईसी में समपन्न करायी गयी। कुछ कर्मचारी अनुपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि जो कर्मचारी अनुपस्थित रहे उनके विरुद्ध कार्रवाई के लिए जनगणना अधिनियम 1948 के अंतर्गत उनके विभागाध्यक्षों तथा जिलाधिकारी को पत्र लिखा गया है। उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय ट्रेनिंग में एचएलओ ऐप का प्रशिक्षण देने के अलावा जनगणना किस तरह की जायेगी तथा क्या-क्या प्रश्न पूछे जायेंगे और कौन-कौन से प्रश्न वर्जित है और कौन से प्रश्न विहित है, एवं मैपिंग कैसे की जानी है इन सबके सम्बंध में विस्तार से बताया गया। सभी प्रशिक्षु कर्मचारियों को जनगणना सम्बंधी विवरण पुस्तिका भी वितरित की गयी। चार्ज अधिकारी श्रुति ने बताया कि 07 मई से 21 मई तक होने वाली स्वगणना कैसे की जायेगी, इसके सम्बंध में भी ट्रेनिंग दी गयी। इस दौरान सभी कर्मचारियों को जिम्मेदारी के साथ जनगणना कार्य करने की शपथ भी दिलायी गयी। ट्रेनिंग के दौरान लखनऊ से आये सहायक निदेशक आशुतोष के अलावा जोन तीन के चार्ज अधिकारी व सहायक नगरायुक्त बिकास धर दुबे ,सहायक चार्ज अधिकारी आशुतोष व अमर ज्योति तथा जोन दो की चार्ज अधिकारी श्रुति महेश्वरी के अतिरिक्त सहायक चार्ज अधिकारी सुधीर शर्मा व आशीष धौलाखण्डी आदि मौजूद रहे।

0 टिप्पणियाँ