स्पिक मैके के यूपी में 500 कार्यक्रमों में सहारनपुर चैप्टर अग्रणी, पं. पार्थो सारथी और कमाल साबरी ने की जुगलबंदी
रिपोर्ट अमान उल्ला खान
सहारनपुर, -स्पिक मैके और भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय के सहयोग से पूरे उत्तर प्रदेश में 500 कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें सहारनपुर चैप्टर की अग्रणी भूमिका रही है।रविवार को पत्रकार वार्ता में विश्वविख्यात सरोद वादक पंडित पार्थो सारथी और सारंगी वादक उस्ताद कमाल साबरी ने बताया कि स्पिक मैके युवाओं तक भारतीय संस्कृति और कलाओं को पहुंचाने का अतुलनीय कार्य कर रहा है।पं. पार्थो सारथी कोलकाता से और उस्ताद कमाल साबरी मुंबई से सहारनपुर आए हैं। यहां सीबीएसई स्कूलों के साथ कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में भी कार्यक्रम दिए। पत्रकारों के अनुरोध पर दोनों कलाकारों ने राग भैरव पर जुगलबंदी पेश की। तबले पर आशीष झा ने संगत की।कलाकारों ने बताया कि पूरे यूपी में अब तक 425 कार्यक्रम हो चुके हैं। मई के अंत तक सभी 500 कार्यक्रम पूरे कर लिए जाएंगे।सहारनपुर चैप्टर की शेफाली और पंकज मल्होत्रा ने बताया कि चैप्टर ने न केवल शहर बल्कि सिद्धार्थनगर यूनिवर्सिटी और यूपी पं. दीनदयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा एवं गौ अनुसंधान विश्वविद्यालय के साथ एमओयू साइन किया है। सहारनपुर चैप्टर ने पूरे प्रदेश में सबसे अधिक 125 कार्यक्रम संयोजित किए हैं। कुशीनगर, संतकबीर नगर, महाराजगंज और सिद्धार्थनगर जैसे जिलों में पहली बार स्पिक मैके के कार्यक्रम हुए हैं।

0 टिप्पणियाँ