भाकियू ने मनाई महात्मा चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत की पुण्यतिथि
रिपोर्ट अमान उल्ला खान
सहारनपुर-भारतीय किसान यूनियन टिकैत के किसानो ने कलेक्ट्रेट परिसर में किसान मसीहा एवं किसानों की आवाज़ रहे महात्मा चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत की पुण्यतिथि के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय सचिव विनय कुमार ने कहा कि महेंद्र सिंह टिकैत हमेशा कहते थे कि किसान कमजोर नहीं है, बस उसे अपनी ताकत पहचानने की जरूरत है। राकेश टिकैत ने पुराने आंदोलनों के कई किस्से साझा करते हुए बताया कि किस प्रकार महेंद्र सिंह टिकैत हजारों किसानों के बीच बैठकर उनकी समस्याओं को सुनते थे और आंदोलन को हमेशा शांतिपूर्ण लेकिन मजबूत तरीके से आगे बढ़ाते थे। उन्होंने कहा कि आज नई पीढ़ी को टिकैत साहब के संघर्ष और विचारों को समझने की आवश्यकता है।कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने किसानों की वर्तमान स्थिति, कृषि नीतियों और भविष्य की चुनौतियों पर भी चर्चा की। अंत में सभी उपस्थित लोगों ने चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया।मण्डल महासचिव आरिफ मलिक ने अपने संबोधन में कहा कि चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत केवल एक व्यक्ति नहीं बल्कि किसानों की आवाज़ और संघर्ष की पहचान थे। उन्होंने किसानों को जाति, धर्म और क्षेत्रवाद से ऊपर उठाकर उनके अधिकारों के लिए संगठित किया। वक्ताओं ने कहा कि आज भी देश का किसान जब अपने अधिकारों की बात करता है तो उसमें कहीं न कहीं महेंद्र सिंह टिकैत जी की संघर्षशील सोच दिखाई देती है।भारतीय किसान यूनियन के मण्डल अध्यक्ष चौधरी अशोक कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि महेंद्र सिंह टिकैत जी ने किसानों को सिर उठाकर जीना सिखाया। उन्होंने कहा कि टिकैत साहब का जीवन किसी पद या सत्ता के लिए नहीं बल्कि किसानों की इज्जत और हक की लड़ाई के लिए समर्पित था। राकेश टिकैत ने कहा कि आज देश में किसानों के सामने फसल का उचित मूल्य, बढ़ती लागत, बिजली, पानी और भूमि अधिग्रहण जैसी अनेक समस्याएं खड़ी हैं, लेकिन यदि किसान संगठित रहेगा तो हर लड़ाई जीती जा सकती है।इस दौरान कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष नरेश स्वामी, युवा महानगर अध्यक्ष उसमान मलिक, जिला प्रवक्ता संजय चौधरी, अमित मुखिया, जिला मीडिया प्रभारी भाग सिंह, पश्चिम प्रदेश प्रवक्ता रघुवीर सिंह, युवा कार्यकारिणी महानगर अध्यक्ष वसीम मलिक, युवा महानगर उपाध्यक्ष वंश गौतम, युवा महानगर महासचिव वजिहुर रहमान, युवा महानगर कोषाध्यक्ष चांद गांधी आदि भारी संख्या कार्यकर्ता मौजूद रहे।

0 टिप्पणियाँ