सहारनपुर मंडल में देवबंद के रणखंडी गांव से शुरू हुआ गन्ना सर्वेक्षण कार्य
फसल का सर्वेक्षण किया, टाप बोरर रोग से बचाव की दी जानकारी
रिपोर्ट समीर चौधरी
देवबंद -सहारनपुर मंडल में देवबंद के गांव रणखंडी से गन्ना सर्वेक्षण कार्य का शुभारंभ किया गया है। उप गन्ना आयुक्त समेत अधिकारियों ने गन्ना फसल सर्वेक्षण के साथ ही किसानों से अपनी फसल को चोटी बेधक (टाप बोरर) के प्रति जागरूक किया और इससे बचाव की तकनीक बताई।
गांव रणखंडी पहुंचे उप गन्ना आयुक्त सहारनपुर मंडल ओपी सिंह ने गन्ना सर्वेक्षण का शुभारंभ करते हुए जरूरी दिशा निर्देश दिए। उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि वह निरीक्षण के समय उपस्थित रहकर अपना सर्वे अवश्य करा लें। उन्होंने मंडल के तीनों जनपदों के जिला गन्ना अधिकारियों व सभी ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षकों और चीनी मिलों के महाप्रबंधकों को निर्देश दिए कि वह स्वयं तथा फील्ड स्टाफ के माध्यम से व्यापक प्रचार प्रसार कर किसानों को टाप बोरर के प्रति जागरूक करें। कहा कि गन्ने की फसल को टाप बोरर रोग से बचाना आवश्यक है, जिससे कि गन्ने की फसल की पैदावार प्रभावित होने से बचाया जा सके। उन्होंने निर्देशित किया किया कि वह गांव दर गांव में गोष्ठी और किसान चौपाल आयोजित कर किसानों को जागरूक करें। किसानों को सुझाव दिए जाएं कि यदि टाप बोरर कीट की सुंडी (लारवा) गन्ने के तने (स्टाक) में छेदकर घुस गया है तो इसको काटकर नष्ट करना एक बेहतर उपाय है ताकि कीट की अगली पीढ़ी उत्पन्न ना हो। इस दौरान अधिकारियों ने किसानों को चोटीबेधक रोग के उपचार की विधि भी बताई। इस मौके पर चीनी मिल महाप्रबंधक एस के त्यागी, अपर महाप्रबंधक विपिन त्यागी, सहायक महाप्रबंधक रनपाल तेवतया, अरविंद कुमार, सत्यवान आदि मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ