सत्संगी बाबा निकला चिकित्सक की कार पर फायरिंग का मास्टरमाइंड
चेले संग मिलकर दिया था वारदात को अंजाम,पुलिस ने किया चेले को गिरफ्तार
रिपोर्ट श्रवण कुमार झा
हरिद्वार- लक्सर कोतवाली क्षेत्र के बाड़ीटीप में चिकित्सक की कार पर फायरिंग की घटना को कथित सत्संगी बाबा ने अपने चेले के साथ मिलकर अंजाम दिया था।पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बाबा के चेले को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और 315बोर का तमंचा बरामद किया गया है।घटना के मास्टरमाइंड सत्संगी बाबा की पुलिस तलाश कर रही है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।खुलासा करते हुए एसपी ग्रामीण शेखर सुयाल ने बताया कि 27अप्रैल को दाबकीकलां निवासी डा.सुमित कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि अपने साथियों के साथ हंस फाउंडेशन हॉस्पिटल बहादराबाद से भिक्कमपुर लौट रहे थे।बाड़ीटीप के पास बाइक सवार दो अज्ञात लोगों ने उनकी कार पर फायरिंग कर दी।डा.सुमित कुमार ने यह भी बताया कि 14 अप्रैल को भी दाबकी गांव के पास भी उनकी गाड़ी पर फायरिंग की गयी थी।गाड़ी के टायर के अंदर भी बुलेट मिली है।तहरीर के आधार पर मुकद्मा दर्ज करने के बाद लक्सर कोतवाली प्रभारी प्रवीण कोश्यारी के नेतृत्व में पुलिस और सीआईयू टीम का गठन किया गया। सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की शिनाख्त के प्रयास में जुटी पुलिस टीम ने एसएसपी के निर्देश पर क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाते हुए एक संदिग्ध शुभम सैनी पुत्र राजेश कुमार निवासी ग्राम भिक्कमपुर लक्सर को घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल व तमंचे सहित दबोच लिया।पूछताछ में शुभम सैनी ने बताया कि वह और उसके परिवार वाले एक बाबा के पास सत्संग करते रहते है।लगभग तीन साल से सत्संग कर रहे और कथित बाबा के लक्सर स्थित आश्रम में रह रहे शुभम सैनी की बाबा से काफी घनिष्ठता हो गयी।बाबा ने उससे 5-6महीने पहले सुमित को मारने की इच्छा जाहिर की। 14अप्रेल को लक्सर गए शुभम सैनी को बाबा ने फोन कर बुलाया और दोनों ने मोटर साइकिल से डा.सुमित कुमार की गाडी पर लगभग दो तीन राउण्ड फायर कर दिये और वहां से भाग गए। 27अप्रैल को आरोपियो ंने फिर डाक्टर का पीछा किया और बाड़ीटीप गांव के पास मौका देखते ही उनकी गाड़ी पर 4फायर झोंक दिए और फरार हो गए। एसपी शेखर सुयाल ने बताया कि तथाकथित बाबा फिलहाल फरार है।पुलिस टीमें उसकी तलाश कर रही है।जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

0 टिप्पणियाँ