कर्मचारी हितों की पूरी रक्षा करेगा नगर निगम- महापौर
महापौर ने सफाई कर्मचारियों से कहा, कोई ऐसा कार्य न करें जिससे लोगों को परेशानी हो
रिपोर्ट अमान उल्ला खान
सहारनपुर-महापौर डॉ. अजय कुमार ने सफाई कर्मचारियों से अपील की कि शहर के लोगों के हितों को ध्यान में रखते हुए वे पूर्व की भांति नियमित रुप से अपना कार्य करें। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा की जा रही समग्र सफाई व्यवस्था में जहां शहर में और बेहतर सफाई होगी वहीं कर्मचारी हितों की रक्षा भी होगी और कर्मचारियों की संख्या बढ़ने से बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार भी मिलेगा।
सफाई कर्मचारियों ने आज अपनी यूनियनों के नेताओं बृज मोहन चिनालिया, सोनी आजाद, अविनाश बिरला, राहुल बाल्मीकि आदि के नेतृत्व में महापौर डॉ. अजय कुमार से नगर निगम स्थित उनके कार्यालय में मुलाकात की और नगर निगम द्वारा 58 वार्डो में की जा रही समग्र सफाई व्यवस्था पर अपनी अनेक आशंकाओं से महापौर को अवगत कराया। महापौर डॉ. अजय कुमार ने आश्वस्त किया कि नगर निगम कर्मचारी हितों की पूरी रक्षा करेगा। उनकी लंबे समय से चली आ रही छुट्टियों की मांग, चार साप्ताहिक अवकाश की आदि की मांग पर भी गंभीरता के साथ विचार किया जायेगा। महापौर ने सभी कर्मचारियों से अपील की कि वे ऐसा कोई कार्य न करें जिससे लोगों को परेशानी हो। उन्होंने कहा कि सफाई कार्य एक आवश्यक सेवा है, उन्हें संवैधानिक रुप से आवश्यक सेवा करते हुए अपने दायित्व का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने आशा व्यक्त की कि वे एक जिम्मेदार नागरिक के दायित्व से विमुख नहीं होंगे। महापौर ने स्पष्ट किया कि नयी व्यवस्था में सफाई नायकों/कार्यवाहक सफाई नायकों के दायित्व में कोई परिवर्तन नहीं किया जायेगा। उन्होंने कहा कि आऊट सोर्सिंग कर्मियों को वर्तमान में प्रतिदिन दिया जा रहा 422.85 रुपये तथा ईएसआई व ईपीएफ नयी व्यवस्था में भी नियमानुसार प्रत्येक माह समय से कर्मचारियों के बैंक खातों में अनिवार्य रुप से भेजा जायेगा। इस दौरान उपसभापति मयंक गर्ग वरिष्ठ पार्षद मुकेश गक्खड़, दिग्विजय चौहान, नीरज शर्मा, चौधरी वीरसेन सिद्धू,राजेंद्र कोहली आदि भी शामिल रहे।
0 टिप्पणियाँ