Ticker

6/recent/ticker-posts

केंद्र सरकार के 12वर्ष पूर्ण होने पर जनपद के सभी विकास खंडों में जन-कल्याण शिविरों का आयोजन

केंद्र सरकार के 12वर्ष पूर्ण होने पर जनपद के सभी विकास खंडों में जन-कल्याण शिविरों का आयोजन

योजनाओं का प्रचार-प्रसार,ऑन-स्पॉट पंजीकरण एवं पात्र लाभार्थियों को लाभ वितरण

रिपोर्ट श्रवण कुमार झा

हरिद्वार- शासन के निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में केंद्र सरकार के 12वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद के सभी विकास खंडो बहादराबाद, लक्सर, खानपुर,रुड़की,भगवानपुर एवं नारसन में व्यापक स्तर पर जन-कल्याण शिविरों का आयोजन किया गया।

इन शिविरों का उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं जिनमें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि,प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना,कृषि यंत्रीकरण ,मृदा स्वास्थ्य कार्ड,प्राकृतिक खेती,प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण),पोषण अभियान, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना,आंगनबाड़ी सेवाओं एवं महिला एवं बाल विकास से संबंधित विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई।शिविरों में समाज कल्याण,कृषि,खाद्य आपूर्ति,लोक निर्माण विभाग, वन विभाग,पंचायती राज,सहकारिता,आंगनवाड़ी,आशा,पशुपालन,उद्यान एवं श्रम विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए।इन स्टॉलों के माध्यम से आमजन को योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई,पात्र लाभार्थियों का मौके पर पंजीकरण किया गया तथा कई योजनाओं के अंतर्गत लाभ भी वितरित किए गए।स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं,ग्राम स्तरीय संगठनों एवं विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों की सक्रिय भागीदारी रही।

बहादराबाद विकास खंड

खंड विकास अधिकारी कार्यालय में आयोजित शिविर में आयुष्मान भारत,प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना,लखपति दीदी योजना सहित विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत पंजीकरण किया गया। ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया।ब्लॉक प्रमुख श्रीमती आशा नेगी एवं खंड विकास अधिकारी मानस मित्तल ने उपस्थित ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग द्वारा किशोरियों के स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार हेतु 20बालिकाओं को किशोरी किट वितरित की गई तथा 02गर्भवती महिलाओं को पोषण टोकरी प्रदान की गई।बहादराबाद शिविर में कुल 368व्यक्तियों ने प्रतिभाग किया,17विभागों द्वारा सेवाएं प्रदान की गईं तथा लगभग 245लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ/जानकारी उपलब्ध कराई गई।

लक्सर विकास खंड

केंद्र सरकार के 12वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में उपजिलाधिकारी अनिल कुमार शुक्ला की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में पूर्व विधायक संजय गुप्ता एवं ग्राम प्रमुख डॉ.हर्ष कुमार दौलत की उपस्थिति रही।शिविर में ग्रामोत्थान योजना के अंतर्गत सीएलएफ समूह की 05महिलाओं को फूड वैन संचालन हेतु 6लाख रुपये के चेक वितरित किए गए।इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत 05महिला स्वयं सहायता समूहों को 5-5लाख रुपये के चेक प्रदान किए गए।बाल विकास विभाग द्वारा 05महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की गई।कार्यक्रम के दौरान विभागीय अधिकारियों द्वारा योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई तथा ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान किया गया।

खानपुर विकास खंड

खानपुर में आयोजित शिविर में 233व्यक्तियों ने प्रतिभाग किया।09विभागों द्वारा सेवाएं प्रदान की गईं।इस दौरान 28लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लाभान्वित किया गया।शिविर में किसानों,श्रमिकों एवं आमजन को कृषि,रोजगार,सामाजिक सुरक्षा एवं खाद्य योजनाओं की जानकारी दी गई।पात्र लाभार्थियों को प्रमाण पत्र,पंजीकरण एवं अन्य सेवाएं मौके पर उपलब्ध कराई गईं।

रुड़की विकास खंड

केंद्र सरकार के 12वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में ब्लॉक प्रमुख श्रीमती लुबना राव की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में डिजिटल सेवाएं,बैंकिंग योजनाएं,आयुष्मान कार्ड एवं अन्य जनसेवाओं से संबंधित सुविधाएं प्रदान की गईं।समाज कल्याण विभाग द्वारा गरीब परिवारों की 05बालिकाओं को विवाह सहायता के रूप में 50-50हजार रुपये के चेक वितरित किए गए।शिविर में कृषि, पंचायतीराज,समाजकल्याण,उद्यान,श्रम,खाद्यआपूर्ति,पशुपालन,लोक निर्माण,सहकारिता,आंगनवाड़ी एवं वन विभाग सहित विभिन्न विभागों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

नारसन विकास खंड

नारसन में आयोजित शिविर में 340व्यक्तियों ने प्रतिभाग किया।15विभागों द्वारा विभिन्न सेवाएं प्रदान की गईं।लगभग 190लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ एवं आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई गई।शिविर में उपस्थित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा आमजन की समस्याओं को सुनकर उनका त्वरित निस्तारण किया गया।इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, बैंकिंग प्रतिनिधि एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

भगवानपुर विकास खंड

खंड विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार जोशी की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में महिलाओं एवं स्वयं सहायता समूहों को स्वरोजगार एवं आर्थिक सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी गई।प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 03लाभार्थियों को आवास की चाबियां वितरित की गईं।पशुपालन विभाग द्वारा 03लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित किया गया तथा बाल विकास विभाग द्वारा 05महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट प्रदान की गई।शिविर के दौरान आमजन से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया ।जनपद के सभी विकास खंडों में आयोजित इन जन-कल्याण शिविरों के माध्यम से शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया तथा “संतृप्ति” के लक्ष्य की दिशा में प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की गई।जिला प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया गया कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और कोई भी लाभार्थी वंचित न रहे। कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

 मेयर किरण जैसल ने किया नाला सफाई कार्य का निरीक्षण