टीम ग्रीन ने टीम नेवी ब्लू को 2 रन से शिकस्त देकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया
मैच में शानदार हरफनमौला प्रदर्शन के लिए हर्ष भास्कर को मैन ऑफ द मैच चुना गया
रिपोर्ट मनोज कश्यप
सहारनपुर-भूतेश्वर इंटर कॉलेज के क्रीड़ास्थल पर एसबीबीए क्रिकेट एकेडमी के तत्वावधान में आयोजित अंडर-14 समर क्रिकेट लीग में शुक्रवार को खेले गए चौथे क्वार्टर फाइनल मुकाबले में टीम ग्रीन ने टीम नेवी ब्लू को बेहद रोमांचक मुकाबले में 2 रन से शिकस्त देकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। मैच का फैसला अंतिम ओवर तक टिका रहा, जहां टीम ग्रीन के गेंदबाजों ने शानदार संयम का परिचय देते हुए जीत अपने नाम कर ली।

मुकाबले में टीम नेवी ब्लू ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम ग्रीन ने निर्धारित 15 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 121 रन बनाए। टीम की ओर से हर्ष भास्कर ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 67 रनों की आकर्षक पारी खेली और टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। उनके अलावा अन्य बल्लेबाजों ने भी उपयोगी योगदान दिया। गेंदबाजी में टीम नेवी ब्लू के स्लीक अहमद ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 2 विकेट हासिल किए, जबकि देव गुप्ता ने 1 विकेट अपने नाम किया। 122 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम नेवी ब्लू ने भी शानदार संघर्ष किया। आर्यन अरोड़ा ने नाबाद 57 रनों की शानदार पारी खेलकर टीम को जीत दिलाने का भरसक प्रयास किया, जबकि मयंक ने 24 रन बनाए। हालांकि टीम निर्धारित 15 ओवरों में 4 विकेट के नुकसान पर 119 रन ही बना सकी और जीत से मात्र 2 रन दूर रह गई। टीम ग्रीन की ओर से हर्ष और आरव ने 1-1 विकेट लेकर टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मैच में शानदार हरफनमौला प्रदर्शन के लिए हर्ष भास्कर को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने 67 रन बनाने के साथ गेंदबाजी में भी 1 विकेट लेकर अपनी टीम की जीत में अहम योगदान दिया।
मैच के दौरान खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के लिए बड़ी संख्या में अभिभावक एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में कोच राजीव गोयल टप्पू के साथ रणधीर कपूर, भूपेंद्र कछल, संजय शर्मा एवं अन्य पदाधिकारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
0 टिप्पणियाँ