Ticker

6/recent/ticker-posts

युवा ऑलराउंडर प्रशांत वीर के सहारनपुर पहुंचने पर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने किया जोरदार स्वागत

युवा ऑलराउंडर प्रशांत वीर के सहारनपुर पहुंचने पर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने किया जोरदार स्वागत

रिपोर्ट मनोज कश्यप

सहारनपुर- उत्तर प्रदेश क्रिकेट टीम और आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स से जुड़े युवा ऑलराउंडर प्रशांत वीर के सहारनपुर पहुंचने पर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने उनका जोरदार स्वागत किया। श्री भूतेश्वर मंदिर मार्ग स्थित एसबीबीए क्रिकेट एकेडमी में उनके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में खिलाड़ी, अभिभावक और क्रिकेट प्रशंसक पहुंचे। इस दौरान प्रशांत वीर की एक झलक पाने और उनके साथ तस्वीर खिंचवाने के लिए युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

अमेठी निवासी 20 वर्षीय प्रशांत वीर भारतीय क्रिकेट के उभरते हुए खिलाड़ियों में गिने जाते हैं। बाएं हाथ के बल्लेबाज और बाएं हाथ के ऑर्थोडॉक्स स्पिनर प्रशांत ने वर्ष 2023 में उत्तर प्रदेश के लिए टी-20 क्रिकेट में पदार्पण किया था, जबकि 2025 में उन्होंने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में कदम रखा। वर्ष 2026 की आईपीएल नीलामी में चेन्नई सुपर किंग्स ने उन्हें 14.20 करोड़ रुपये में खरीदा था, जिसके बाद वह देशभर में चर्चा का विषय बन गए थे।प्रशांत वीर का सहारनपुर से गहरा नाता रहा है। पिछले करीब सात वर्षों से वह श्री भूतेश्वर मंदिर मार्ग स्थित एसबीबीए क्रिकेट एकेडमी में प्रशिक्षण लेते रहे हैं। एकेडमी के मुख्य कोच राजीव गोयल 'टप्पू' ने उनके क्रिकेट करियर को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रशिक्षण के दौरान प्रशांत लंबे समय तक राजीव गोयल के घर पर रहकर अभ्यास करते रहे और उनकी देखरेख में क्रिकेट की बारीकियां सीखीं।सहारनपुर पहुंचने पर प्रशांत वीर सबसे पहले अपनी क्रिकेट एकेडमी पहुंचे, जहां उन्होंने अपने कोच राजीव गोयल से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। पुराने दिनों को याद करते हुए वह भावुक भी नजर आए। उन्होंने कहा कि सहारनपुर और एसबीबीए क्रिकेट एकेडमी ने उनके क्रिकेट जीवन को नई दिशा दी है और उनके कोच का योगदान वह कभी नहीं भूल सकते।कोच राजीव गोयल ने कहा कि प्रशांत शुरू से ही बेहद मेहनती और अनुशासित खिलाड़ी रहे हैं। उन्होंने हर स्तर पर खुद को बेहतर बनाने के लिए लगातार मेहनत की और आज उसी का परिणाम है कि वह देश के सबसे चर्चित युवा क्रिकेटरों में शामिल हैं।कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों ने प्रशांत वीर का फूल-मालाओं से स्वागत किया। युवा क्रिकेटरों ने उनसे खेल जीवन, फिटनेस और सफलता के अनुभवों के बारे में जानकारी ली। प्रशांत ने खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास, अनुशासन और धैर्य बनाए रखने की सलाह देते हुए कहा कि मेहनत और समर्पण ही किसी भी खिलाड़ी को मंजिल तक पहुंचाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

 भाजपा युवा मोर्चा के नवनियुक्त पदाधिकारियों के स्वागत समारोह में शामिल हुए कैबिनेट मंत्री