विश्व पर्यावरण दिवस पर गूंजा हरियाली का संदेश, सामूहिक पौधारोपण कर लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
रिपोर्ट -रवि बख्शी
सहारनपुर-सारंग सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठन के तत्वावधान में विश्व पर्यावरण दिवस के पावन अवसर पर पटेल नगर पार्क में "स्वच्छ पर्यावरण ,स्वस्थ जीवन" विषय पर एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण हेतु अधिकाधिक वृक्षारोपण का संकल्प लिया तथा गोष्ठी के उपरांत पार्क में सामूहिक रूप से पौधारोपण किया।
संस्था के अध्यक्ष एवं साहित्यकार रमेश चंद्र छबीला ने कहा कि वर्तमान समय में पेड़ों की अंधाधुंध कटाई से पर्यावरण लगातार दूषित हो रहा है। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से कम से कम एक पौधा लगाने की अपील करते हुए कहा कि केवल भाषणों और चर्चाओं से पर्यावरण की रक्षा नहीं हो सकती, इसके लिए सभी को जमीनी स्तर पर कार्य करना होगा।वार्ड-40 के पार्षद सरदार राजेंद्र सिंह कोहली ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की शुरुआत स्वयं और अपने परिवार से करनी होगी। उन्होंने लोगों से पेड़ लगाने तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का आह्वान किया।समाजसेवी यशपाल मेंहदीरत्ता ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण के लिए भारत सरकार इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने बताया कि भारतीय संस्कृति में पीपल, बरगद और केले जैसे वृक्षों का धार्मिक महत्व भी अत्यंत विशेष है।गुरु तेग बहादुर पब्लिक स्कूल के प्रबंधक सरदार सतविंदर सिंह माकन ने कहा कि सिख धर्म में प्रकृति को सर्वोच्च सम्मान दिया गया है। उन्होंने श्री गुरु नानक देव जी के उपदेश "पवन गुरु, पानी पिता, माता धरत महत" का उल्लेख करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।समाजसेवी मुकेश सेठ ने कहा कि नगर को स्वच्छ एवं हरा-भरा बनाए रखना केवल हमारा कर्तव्य ही नहीं, बल्कि मानवता की सच्ची सेवा भी है। आने वाली पीढ़ियों के लिए प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है।कार्यक्रम के संयोजक एवं संस्था के महासचिव रवि बख्शी ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और वनों की निरंतर कटाई के कारण पर्यावरण गंभीर संकट का सामना कर रहा है। उन्होंने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने, जल एवं बिजली की बचत करने तथा कचरे को निर्धारित स्थान पर डालने का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि विश्व का पहला विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून 1973 को मनाया गया था।गोष्ठी की अध्यक्षता यशपाल त्रेहन ने की तथा संचालन रवि बख्शी ने किया। कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित लोगों ने पार्क में विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।कार्यक्रम को सफल बनाने में राणा सिंधु, सरदार कुलवंत सिंह भाटिया, प्रदीप भाटिया तथा सरदार हरभजन सिंह कलसी का विशेष सहयोग रहा।

0 टिप्पणियाँ