ग्लोकल विश्वविद्यालय में हुआ योग सप्ताह का शुभारंभ
रिपोर्ट अमान उल्ला खान
सहारनपुर-ग्लोकल विश्वविद्यालय में आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में योग सप्ताह का शुभारंभ किया गया। माननीय अतिरिक्त प्रतिकुलाधिपति श्री सैयद निजामुद्दीन और कुलसचिव प्रोफेसर शिवानी तिवारी की प्रेरणा से यह कार्यक्रम आयुर्वेद एवं यूनानी संकाय तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (एन.एस.एस.) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ डायरेक्टर आइक्यूएसी प्रोफेसर डॉ. संजय कुमार ने फीता काटकर योग प्रार्थना के साथ किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।अपने उद्बोधन में आइक्यूएसी के निदेशक प्रोफेसर संजय कुमार ने कहा कि योग भारतीय ज्ञान परंपरा का महत्वपूर्ण अंग है, जो व्यक्ति के शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक संतुलन एवं आध्यात्मिक उन्नति का भी आधार है। उन्होंने कहा कि वर्तमान भागदौड़ भरे जीवन में योग तनाव मुक्ति और स्वस्थ जीवनशैली का सबसे प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित योगाभ्यास को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विश्वविद्यालय की डीएसडब्ल्यू एवं राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शोभा त्रिपाठी ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन को अनुशासित एवं सकारात्मक दिशा देने वाली एक समग्र जीवन पद्धति है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक योग के संदेश को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने युवाओं से स्वस्थ भारत के निर्माण हेतु योग को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया।इस अवसर पर योग विशेषज्ञों द्वारा विभिन्न योगासनों, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया गया तथा योग के स्वास्थ्य संबंधी लाभों पर विस्तृत जानकारी दी गई। डॉ अनीजा और श्री गिरीश कुमार के निर्देशन में सभी संकाय सदस्य, विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवकों ने पूरे उत्साह के साथ योगाभ्यास में भाग लिया।कार्यक्रम के अंत में यूनानी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. कलीम ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों, शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि योग सप्ताह के अंतर्गत आगामी दिनों में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों एवं योग सत्रों का आयोजन किया जाएगा, जिससे अधिकाधिक लोगों को योग के प्रति प्रेरित किया जा सके।योग सप्ताह का समापन 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य आयोजन के साथ किया जाएगा।

0 टिप्पणियाँ