Ticker

6/recent/ticker-posts

निगम के कामकाज और शहर के विकास से रुबरु हुए स्कूली छात्र-छात्राएं

निगम के कामकाज और शहर के विकास से रुबरु हुए स्कूली छात्र-छात्राएं

निगम के उद्यान, गैराज, गौशाला, आईसीसीसी आदि का स्कूली छात्र-छात्राओं ने किया भ्रमण

रिपोर्ट अमान उल्ला खान

सहारनपुर-शहर की मूलभूत संरचना, उसके रखरखाव, शहरी विकास तथा स्वच्छता अभियानों से रुबरु होने के उद्देश्य से रेनबो, एथेनिया, डीपीएस व आशा मॉडर्न इंटरनेशनल आदि विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने नगर निगम के उद्यान, गौशाला, गैराज आदि सभी विभागों व आईसीसीसी का भ्रमण किया। बाद में महापौर डॉ. अजय कुमार व नगरायुक्त शिपू गिरि ने सभी छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद किया और स्मार्ट सिटी व विकास को लेकर छात्र-छात्रओं द्वारा किये गए प्रश्नों के उत्तर देते हुए उनकी जिज्ञासाओं को शांत किया। 

यूथ पावर एम्पावरमेंट सोसायटी के तत्वाधान में आयोजित छात्र-छात्राओं का यह भ्रमण कार्यक्रम नगर निगम के रायवाला स्थित पद्मश्री कन्हैयालाल मिश्र प्रभाकर उद्यान (65बीघा) से शुरु हुआ। सहायक नगरायुक्त जे पी यादव व उद्यान प्रभारी डॉ. संदीप मिश्र ने भ्रमणकारी छात्र-छात्राओं को उद्यान में विकसित जापानी पद्वति के मियावाकी वन के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि सामान्य तरीके से उगाये जाने वाले जंगलों की तुलना में मियावाकी दस गुणा तेजी से बढ़ते है और 30 गुना अधिक घने होते हैं। बढ़ते शहरीकरण को देखते हुए पर्यावरण संतुलन में मियावाकी वनों का अत्यधिक महत्व है। निगम द्वारा पुराणों मंे वर्णित पंचवटी को विकसित करने के लिए लगाए गए पीपल,बेल, बरगद व आंवला आदि पौधों की जानकारी भी दी गयी। यहां छात्र-छात्राओं ने भी पौधारोपण किया। 
नगर निगम द्वारा संचालित नवादा रोड स्थित गौशाला में छात्र-छात्राओं को गौमय उत्वादों दिए, जैविक खाद, गोनाइल व गौकाष्ठ, राखियां आदि बनती हुयी दिखायी गयी। गौशाला प्रभारी संदीप मिश्रा ने बताया कि गौकाष्ठ, लकड़ी का विकल्प भी है, इस दृष्टि से भी निगम पर्यावरण संरक्षण में अपनी भूमिका निभा रहा है। सभी छात्र-छात्राएं ये देखकर भी हर्षित हुए कि गोबर से भी पेंट बनाया जा सकता है। भ्रमण दल को गोबर से पेंट बनाने की पूरी प्रक्रिया दिखाते हुए गोमय पेंट की विशेषताओं से भी अवगत कराया गया। जोनल दो की प्रभारी व कर निर्धारण अधिकारी श्रुति माहेश्वरी द्वारा अवगत कराने पर भ्रमणकारी दल ये जानकार आश्चर्य चकित रह गया कि सबसे अधिक गौ-उत्पाद बनाने वाली निगम की कान्हा गौशाला विश्व की अकेली गौशाला है और इसके लिए उसे राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिल चुके है। छात्र-छात्राओं को निगम द्वारा विशेष रुप से विकसित बुलॉक कार्ट (बैलगाड़ी) की भी सवारी करायी गयी
गैराज में तकनीकी प्रभारी वी बी सिंह व जेडएसओ राजीव चौधरी ने सैनेटाइजेशन, कूड़ा-कचरा एकत्रिकरण व उसके उठान और निष्पादन तथा वाहनों व अन्य मशीनों के उपयोग की जानकारी देते हुए स्वच्छता अभियानों से अवगत कराया गया। आईसीसीसी में आईटी अधिकारी मोहित तलवार ने भ्रमणकारी दल को आईसीसीसी के माध्यम से यातायात व्यवस्था को संचालित करने, बिना नंबर गाड़ियों व थ्री राइडिंग चालान तथा शहर में सुरक्षा की दृष्टि से लगाये गए एक हजार कैमरों की जानकारी दी। बताया गया कि किन-किन चौराहों पर कैमरे और इमर्जेन्सी कॉल बॉक्स व पीए सिस्टम लगाए गए हैं। बाद में यूथ पावर एम्पावरमेंट सोसायटी के संचालक सजल अरोड़ा के नेतृत्व में भ्रमणकारी दल ने महापौर डॉ. अजय कुमार व नगरायुक्त शिपू गिरि से मुलाकात कर सीधे संवाद किया और शहर के विकास व मूलभूत संरचना में सुधार के लिए निगम द्वारा किये जा रहे कार्यो की जानकारी करते हुए भविष्य की योजनाओं के प्रति जिज्ञासा दिखायी। इस अवसर पर नगर निगम व स्मार्ट सिटी के अधिकारी भी मौजूद रहे। 


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

सांसद इमरान मसूद ने किया जिला अस्पताल का निरीक्षण