मंडलायुक्त की अध्यक्षता में मंडलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न
रिपोर्ट अमान उल्ला खान
सहारनपुर-मंडलायुक्त डॉक्टर रूपेश कुमार की अध्यक्षता में आयुक्त सभागार में मंडलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आहूत की गई बैठक में सडक सुरक्षा के दृष्टिगत सडक दुर्घटनाओं एवं उनमें होने वाली मृत्यु में कमी लाये जाने के दृष्टिगत यथावश्यक उपायों के सम्बन्ध में बिन्दुवार विस्तार पूर्वक चर्चा की गयी
मण्डलायुक्त द्वारा पूर्व में आहूत बैठक में दिये गये निर्देशों के अनुपालनार्थ की गयी कार्यवाही एवं प्रगति की समीक्षा की गयी। पुलिस एवं परिवहन विभाग द्वारा हेलमेट, सीट बेल्ट, ड्रंकन ड्राईविंग, नाबालिग बच्चों द्वारा वाहन संचालन, दोपहिया वाहन तीन सवारी बैठाया जाना, मॉडिफाईड साईलेंसर एवं तेज गति से वाहन संचालन के सम्बन्ध में तथा वाहनों से स्टंट करने वाले चालकों के विरूद्ध की गयी कार्यवाही की समीक्षा उपरान्त यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग को निर्देशित किया गया कि उपरोक्त अभियोगों के साथ-साथ मॉडिफाईड साईलेंसर तथा वाहनों से स्टंट करने वाले चालकों के विरूद्ध भी ओर अधिक चालान एवं बन्द की प्रभावी प्रवर्तन की जाए। पुलिस विभाग द्वारा चालान किये गये वाहनों के सम्बन्ध में पुर्नावृत्ति अभियोग पाये जाने पर चालक लाईसेंस निलम्बन की कार्यवाही हेतु परिवहन विभाग को डाटा उपलब्ध कराते हुए सम्बन्धित के चालान लाईसेंस, परमिट को निरस्त एवं निलम्बित कराये जाने की कार्यवाही कराना सुनिश्चित करें। दुर्घटना घटित होने की स्थिति में चालक के लाईसेंस के विरूद्ध कार्यवाही हेतु चालक लाईसेंस की जानकारी परिवहन विभाग को उपलब्ध करायी जाए और ऐप पर दुर्घटनाओं का पूर्ण विवरण अंकित किया जाए। इस हेतु प्रत्येक थानें स्तर पर 2-4 सिपाहियों को आवश्यक प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए।स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया गया कि स्वास्थ्य विभाग की एम्बुलेंस सेवाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक स्थलों पर एम्बुलेंस की तैनाती सुनिश्चित की जाए, जिससे किसी भी प्रकार सडक दुर्घटना की स्थिति में सहायता उपलब्ध करायी जा सके। एम्बुलेंस सेवा 108 एवं 112 के सम्बन्ध में जागरूकता उत्पन्न करने हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। मण्डलायुक्त द्वारा समस्त सडक निर्माण एजेंसियों को निर्देशित किया गया कि वर्षा ऋतु से पूर्व समस्त मार्गों पर अवैध कट बन्द कराये जाने, अल्पकालीन एवं दीर्घकालीन सुधारात्मक कार्यवाही पूर्ण कराने एवं आवश्यक साईन बोर्ड इत्यादि की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। पुलिस अधीक्षक यातायात द्वारा दिये गये सुझाव के क्रम में जसमौर स्थित मार्ग पर टेबल टॉप बनवाये जाने हेतु भी निर्देशित किया गया एवं हरिद्वार-मुजफ्फरनगर मार्ग पर पडने वाले अवैध कट को बन्द कराये जाने हेतु स्थलों का निरीक्षण कर अवैध कट बन्द कराये जाने हेतु एनएचएआई को निर्देशित किया गया। डॉ0 रूपेश कुमार द्वारा स्कूली छात्रों विशेषकर माध्यमिक एवं उच्च शिक्षा के छात्रों को सडक सुरक्षा के सम्बन्ध में कार्यशाला में प्रतिभाग कराते हुए जागरूक किये जाने हेतु निर्देशित किया गया। छात्रों के माध्यम से चित्रकला, रंगोली, भाषण इत्यादि प्रतियोगिताओं के माध्यम से सडक सुरक्षा के सम्बन्ध में व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया।बैठक में नगर आयुक्त श्री शिपू गिरी, पुलिस अधीक्षक यातायात सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, मुख्य अभियन्ता पी०डब्लू०डी० सहारनपुर, अधिक्षण अभियन्ता, पी०डब्लू०डी० सहारनपुर, आरटीओ प्रवर्तन श्री मनोज तोमर, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सहारनपुर श्री एम0पी0सिंह, शिक्षा विभाग, चिकित्सा विभाग, यातायात विभाग शामली, एन.एच.ए.आई. एवं अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ-साथ ट्रांसपोर्ट यूनियन से श्री ब्रित चावला, श्री योगेन्द्र दुधेरा, चीफ ट्रैफिक वार्डन उपस्थित रहें।

0 टिप्पणियाँ