सहारनपुर में बी.डी. स्पोर्ट्स अकादमी का हुआ शुभारंभ
उत्तर प्रदेश खो-खो संघ के पूर्व अध्यक्ष एवं भारतीय खो-खो संघ के पूर्व कार्यकारिणी सदस्य डॉ. अशोक कुमार गुप्ता के द्वारा कार्यक्रम का उद्घाटन किया गया
रिपोर्ट मनोज कश्यप
सहारनपुर- बी.डी. बजोरिया इंटर कॉलेज के खेल मैदान में बी.डी. स्पोर्ट्स अकादमी का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश खो-खो संघ के पूर्व अध्यक्ष एवं भारतीय खो-खो संघ के पूर्व कार्यकारिणी सदस्य डॉ. अशोक कुमार गुप्ता द्वारा किया गया। उन्होंने सहारनपुर में इस नई अकादमी की शुरुआत पर बधाई देते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह में विद्यालय के प्रबंधक शैलेन्द्र भूषण गुप्ता, प्रधानाचार्य राजीव रंजन एवं विनय चौहान विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अकादमी के संस्थापक गौरव पाल और जीनत पठान ने बताया कि यहाँ अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा विशेष रूप से खो-खो खेल का प्रोफेशनल प्रशिक्षण दिया जाएगा। अकादमी का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों के प्रतिभावान खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं और नियमित अभ्यास प्रदान कर जिला, राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। इस मौके पर छात्र-छात्राओं में भारी उत्साह देखा गया। कार्यक्रम में धनपाल सिंह, शशिकांत, वत्सल्य कुमार, नदीम, शिखा, राजा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ