मालवीय नगर अग्निकांड के बाद हरिद्वार में सघन अग्नि सुरक्षा जांच अभियान शुरू
जांच में 28 प्रतिष्ठानों के निरीक्षण में 16 में खामियां, 6 में इमरजेंसी एग्जिट नहीं पाए गए
रिपोर्ट श्रवण कुमार झा
हरिद्वार- मुख्य अग्निशमन अधिकारी वंश बहादुर यादव ने अवगत कराया है कि दक्षिणी दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक रेस्टोरेंट में 03 जून,2026 को हुए भीषण अग्निकांड में 21व्यक्तियों की दुःखद मृत्यु के दृष्टिगत,अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन),उत्तराखण्ड पुलिस मुख्यालय, देहरादून एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक,जनपद हरिद्वार के निर्देशों के अनुपालन में जनपद हरिद्वार में विशेष अग्नि सुरक्षा निरीक्षण अभियान संचालित किया जा रहा है।
आज जनपद के अंतर्गत संचालित समस्त होटल,गेस्ट हाउस,होम स्टे,रेस्टोरेंट,शॉपिंग कॉम्प्लेक्स,मॉल,सिनेमा हॉल,विवाह /बैंकेट हॉल,बहुमंजिला वाणिज्यिक प्रतिष्ठान एवं अन्य जनसमागम स्थलों में उपलब्ध अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं का सघन निरीक्षण किए जाने हेतु निर्देश जारी किए गए हैं।उक्त आदेशों के अनुपालन में जनपद के सभी प्रभारी अग्निशमन अधिकारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाते हुए अब तक कुल 28प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया है।निरीक्षण के दौरान 16 प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा मानकों में कमी पाई गई,जबकि 06प्रतिष्ठानों में आपातकालीन निकास की व्यवस्था नहीं पाई गई।संबंधित प्रतिष्ठानों को पाई गई कमियों को तत्काल दूर करने हेतु नोटिस एवं सुझाव जारी किए गए हैं। साथ ही निर्देशित किया गया है कि निर्धारित समय में सुधार न करने पर सख्त वैधानिक कार्यवाही,जिसमें चालान एवं सीलिंग की कार्रवाई भी शामिल है,की जाएगी।उन्होंने जनपदवासियों एवं प्रतिष्ठान संचालकों से अपील करते हुए कहा कि अग्नि सुरक्षा मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करें,जिससे किसी भी प्रकार की दुर्घटना को रोका जा सके एवं जानमाल की क्षति को रोका जा सके।
0 टिप्पणियाँ