Ticker

6/recent/ticker-posts

कांवड़ यात्रा के सुरक्षित,सुव्यवस्थित एवं सफल आयोजन के लिए सभी तैयारियां समय से पूर्ण करें-मुख्यमंत्री

कांवड़ यात्रा के सुरक्षित,सुव्यवस्थित एवं सफल आयोजन के लिए सभी तैयारियां समय से पूर्ण करें-मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने की कावड़ मेला की तैयारी की समीक्षा

श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा राज्य सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता

रिपोर्ट श्रवण कुमार झा

हरिद्वार- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 30जुलाई से प्रारंभ हो रहे कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा राज्य सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है।प्रत्येक विभाग यह सुनिश्चित करे कि किसी भी स्तर पर कोई कमी न रहे तथा सभी व्यवस्थाएं पूरी संवेदनशीलता,समन्वय और सेवा-भाव के साथ संचालित हों।मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं के स्वागत-सत्कार तथा विभिन्न स्थानों पर भंडारों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।उन्होंने महिला श्रद्धालुओं के लिए अलग से पर्याप्त संख्या में साफ-सुथरे पिंक टॉयलेट्स स्थापित किए जाने के निर्देश देते हुए कहा कि ऐसी व्यवस्था राज्य के सभी प्रमुख स्थलों पर की जाए।मंगलवार को मेला नियंत्रण भवन सभागार में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कांवड़ मेले की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं,बल्कि उत्तराखण्ड की आस्था,प्रशासनिक क्षमता,सेवा-भाव और कार्यकुशलता का भी प्रतीक है।हमारा लक्ष्य‘सुरक्षित कांवड़,सुव्यवस्थित कांवड़ और स्वच्छ कांवड़’होना चाहिए।प्रत्येक श्रद्धालु देवभूमि उत्तराखण्ड से सुरक्षित,संतुष्ट और सुखद अनुभव के साथ लौटे,यही राज्य सरकार का ‘विकल्प रहित संकल्प’ है।इस वर्ष कांवड़ यात्रा में भी रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है।इसलिए सभी व्यवस्थाएं उसी अनुरूप की जाएं,जिसमें धार्मिक परंपराओं एवं गरिमा का विशेष ध्यान रखा जाए। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाए।पूरे मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों,ड्रोन एवं एआई आधारित निगरानी प्रणाली का प्रभावी उपयोग किया जाए।उन्होंने स्पष्ट कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों के विरुद्ध तत्काल एवं कठोर कार्रवाई की जाए।सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने अथवा भ्रामक सूचनाएं प्रसारित करने वालों पर भी कड़ी निगरानी रखते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान ट्रैफिक प्लान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में वीआईपी मूवमेंट के कारण श्रद्धालुओं की यात्रा प्रभावित नहीं होनी चाहिए।मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सभी प्रमुख पड़ावों एवं मेला क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में मेडिकल कैंप,एंबुलेंस,चिकित्सक एवं पैरामेडिकल स्टाफ उपलब्ध रहे।प्रमुख घाटों पर वाटर एंबुलेंस तैनात किए जाने के भी निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि एसडीआरएफ,एनडीआरएफ,जल पुलिस तथा अग्निशमन सेवाओं को पूरी तरह अलर्ट रखा जाए।मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे कांवड़ मार्ग एवं मेला क्षेत्र में पेयजल,शौचालय,विश्राम स्थलों,प्रकाश व्यवस्था तथा स्वच्छता की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।नियमित सफाई अभियान चलाया जाए।नो-प्लास्टिक अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए।मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि होटलों,ढाबों एवं प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की नियमित जांच की जाए।मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी विभाग बेहतर समन्वय के साथ कार्य करें।चौबीसों घंटे कंट्रोल रूम एवं हेल्पलाइन पूरी तरह सक्रिय रहें।जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रतिदिन व्यवस्थाओं की समीक्षा कर किसी भी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करें।मुख्यमंत्री ने हर की पैड़ी,कांगड़ा पुल एवं अन्य प्रमुख घाटों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उन्होंने जल पुलिस की पर्याप्त तैनाती,भीड़ नियंत्रण व्यवस्था एवं आपातकालीन निकासी योजना को पूरी तरह तैयार रखने को कहा। उन्होंने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई निरंतर जारी रखने तथा अत्यधिक ऊंची कांवड़ एवं निर्धारित मानकों से अधिक ध्वनि वाले डीजे वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण रखने के निर्देश दिए। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिस बल एवं हेल्प डेस्क को सक्रिय रखने पर भी विशेष जोर दिया।मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान आगामी महाकुंभ-2027 की तैयारियों में व्यवधान नहीं आना चाहिए।दोनों व्यवस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय बनाते हुए विकास कार्यों एवं तैयारियों को निर्धारित समय पर आगे बढ़ाया जाए,ताकि उत्तराखण्ड एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट व्यवस्थाओं का उदाहरण प्रस्तुत कर सके। बैठक में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज,मदन कौशिक,प्रदीप बत्रा,राम सिंह कैड़ा,दायित्वधारी विनय रोहिला,सुनील सैनी,डॉ.जयपाल सिंह चौहान,ओम प्रकाश जगदग्नि,श्यामवीर सैनी,देशराज कर्णवाल,दिनेश कौशिक,नितिन गौतम,अजीत चौधरी,शोभाराम प्रजापति,विधायक आदेश चौहान, अध्यक्ष जिला पंचायत किरण चौधरी,मेयर हरिद्वार किरण जैसल,मेयर रुड़की अनीता अग्रवाल, सहित अन्य जन-प्रतिनिधियों ने भी कांवड़ यात्रा को लेकर अनेक महत्वपूर्ण सुझाव दिए।इस दौरान मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन,गढ़वाल मंडल के आयुक्त आनंद स्वरूप एवं पुलिस महानिरीक्षक राजीव स्वरूप,हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने कांवड़ मेले की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी दी। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देहरादून के जिलाधिकारी आशीष चौहान,एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल,पौड़ी की जिलाधिकारी स्वाति भदौरिया एवं एसएसपी सर्वेश पंवार,टिहरी की जिलाधिकारी नीतिका खंडेलवाल ने भी अपने-अपने जिलों में कांवड़ मेला को लेकर की गई तैयारियों की जानकारी दी।इस दौरान प्रमुख सचिव आर.के.सुधांशु,एल.फैनई व आर.मीनाक्षी सुंदरम,सचिव शैलेश बगौली,सचिव नितेश कुमार झा,पंकज पाण्डे,विनय शंकर पांडे, विनोद कुमार सुमन,धीराज सिंह गर्ब्याल,पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ,पुलिस महानिदेशक अभिसूचना अभिनव कुमार,पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल राजीव स्वरूप,पुलिस महानिरीक्षक कुंभ मेला योगेंद्र सिंह रावत,मेलाधिकारी कुंभ श्रीमती सोनिका,एसएसपी कुंभ आयुष अग्रवाल, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

महाकुंभ-2027 भारत की सांस्कृतिक एकता और आध्यात्मिक चेतना का महापर्व होगा-पुष्कर सिंह धामी