खुले में कचरा ले जाने पर निगमकर्मी को जारी किया कारण बताओ नोटिस
रिपोर्ट श्रवण कुमार झा
हरिद्वार- कचरा ले जा रही ट्रैक्टर ट्राली को ढककर नहीं ले जाने पर नगर निगम ने संबंधित कर्मचारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।साथ ही सफाई व्यवस्था में लापरवाही ना बरतने के निर्देश दिए हैं।नगर निगम से मिली जानकारी में बताया गया है कि जांच में सामने आया है कि कर्मचारी का स्वास्थ्य अचानक बिगड़ जाने के कारण वह अपने दायित्वों के निर्वहन में अपेक्षित सतर्कता नहीं बरत सका।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि स्वच्छता व्यवस्था एवं अपशिष्ट परिवहन से संबंधित मानकों का पालन सुनिश्चित किए जाने के उद्देश्य से नियमानुसार नोटिस जारी किया गया है,ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति की पुनरावृत्ति न हो। इसके अतिरिक्त नगर निगम हरिद्वार के मुख्य सफाई निरीक्षक एवं कार्यशाला प्रभारी अर्जुन सिंह द्वारा कार्यशाला आयोजित कर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम,2026 के प्रावधानों की विस्तार से जानकारी देते हुए अपशिष्ट संग्रहण एवं परिवहन करने वाले नगर निगम एवं अनुबंधित एजेंसियों के समस्त वाहन चालकों को निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरी तरह ढककर ले जाने के निर्देश दिए।जिससे सड़कों पर कूड़ा बिखरने की संभावना ना रहे तथा स्वच्छता एवं पर्यावरणीय मानकों का अनुपालन सुनिश्चित हो सके।नगर निगम ने यह भी स्पष्ट किया है कि सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा। साथ ही सभी कार्मिकों एवं वाहन चालकों को आवश्यक प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन दिया जाएगा।
0 टिप्पणियाँ