गंगा सनातन की धरोहर और आस्था का केंद्र है-श्रीमहंत रविंद्रपुरी
रिपोर्ट श्रवण कुमार झा
हरिद्वार- अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डा.रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि आगामी कांवड़ मेले के दौरान गंगा जल लेने आने वाले शिवभक्तों को गंगा स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा।
निरंजनी अखाड़े में संतों के साथ चर्चा करते हुए श्रीमहंत डा.रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि गंगा सनातन की धरोहर है और करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है।राजा भगीरथ की कठोर तपस्या के बाद मानव कल्याण के लिए पृथ्वी पर आयी गंगा मानवीय गलतियों के चलते लगातार प्रदूषित हो रही है। गंगा की स्वच्छता और निर्मलता बनाए रखने के लिए सभी का सहयोग आवश्यक है।उन्होंने कहा कि 30जुलाई से कांवड़ मेला शुरू हो रहा है।पूरे देश से शिवभक्त गंगा जल लेने हरिद्वार पहुंचेंगे। शिवभक्तों को गंगा की स्वच्छता, निर्मलता,अविरलता के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांवड़ लेने आने वाले श्रद्धालु किसी भी प्रकार की गंदगी गंगा में ना डालें।सभी मिलकर सहयोग करेंगे तो गंगा अवश्य ही निर्मल और अविरल होगी। महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरी महाराज ने कहा कि कावंड़ मेला गंगा के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने का सर्वोत्तम अवसर है।समस्त संत समाज कांवड़ भरने आने वाले शिवभक्तों को गंगा के प्रति जागरूक करने में सहयोग करेगा।इस दौरान संतों ने कलकत्ता से आयी जूना अखाड़े की महामंडलेश्वर का स्वागत भी किया।इस अवसर पर श्रीमहंत रामरतन गिरी, महंत राज गिरी सहित कई संत महंत मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ