नंद जी के अंगना में बज रही बधाई, जय कन्हैया लाल की गूंज से भक्तिमय हुआ वातावरण
श्रीमद्भागवत कथा में हुआ श्रीकृष्ण जन्म एवं नंदोत्सव का मनोहारी वर्णन, श्रद्धालु भक्ति में झूमे
रिपोर्ट रवि बक्शी
सहारनपुर-श्री सनातन धर्म मंदिर सभा, सुभाष नगर के तत्वावधान में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिन कथा व्यास पंडित अरुण कौड़िण्य जी महाराज ने वामन अवतार, श्रीराम जन्म तथा भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का अत्यंत भावपूर्ण एवं मनोहारी वर्णन किया। श्रीकृष्ण जन्म प्रसंग सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे और पूरा कथा पंडाल “जय कन्हैया लाल की, हाथी घोड़ा पालकी” के जयघोष से गूंज उठा।
कथा व्यास ने बताया कि भाद्रपद मास की अष्टमी तिथि को रोहिणी नक्षत्र में कंस की कारागार में माता देवकी और वसुदेव के यहां भगवान श्रीकृष्ण ने अवतार लिया। भगवान श्रीकृष्ण का लालन-पालन नंद बाबा और माता यशोदा के घर हुआ, जिसके चलते नंदगांव में कृष्ण जन्मोत्सव अत्यंत हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।कथा के दौरान श्रीकृष्ण जन्म का जीवंत दृश्य प्रस्तुत किया गया। नवजात शिशु अबीर को भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूप में टोकरी में विराजमान कर वासुदेव के रूप में किशोर पाराशर अपने सिर पर उठाकर कथा स्थल पर लेकर पहुंचे। यह दृश्य देखते ही श्रद्धालुओं में अपार उत्साह छा गया। सभी ने तालियां बजाकर और भगवान श्रीकृष्ण के जयघोष के साथ उनका स्वागत किया। महिलाओं एवं श्रद्धालुओं ने मंगल गीत गाते हुए नृत्य किया और एक-दूसरे को श्रीकृष्ण जन्म की बधाइयां दीं।इस अवसर पर मोहित एवं हिमांशु ने मंगल गीत प्रस्तुत किए। वहीं शालिनी चावला, मधु चावला एवं पूनम दत्ता ने भक्ति गीतों पर श्रद्धालुओं के साथ नाचते-गाते हुए नंदोत्सव की खुशियां मनाईं। कथा स्थल पर ऐसा भक्तिमय वातावरण बना कि हर श्रद्धालु कृष्ण भक्ति में सराबोर नजर आया।पंडित अरुण कौड़िण्य जी महाराज ने गोमाता की महिमा बताते हुए कहा कि सनातन संस्कृति में गाय का विशेष महत्व है। गोमाता में सभी देवी-देवताओं का वास माना गया है और उनकी सेवा करना पुण्य एवं धर्म का कार्य है।पावन अवसर पर देरी बाग स्थित गीता मंदिर के प्रधान सुरेंद्र क्वात्रा, साहिल गाबा, रोमी आहूजा, अजय छोकरा, समाजसेवी राणा सिंधु एवं हरीश आहूजा ने अतिथियों एवं श्रद्धालुओं का अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया।कार्यक्रम में पंडित आत्माराम, पंडित अनुराग कौशिक, पंडित काशीराम, दिनेश दत्ता, नंद किशोर घई, पवन आनंद, संजय आहूजा, यशपाल त्रेहन एवं प्रवीण गुलाटी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।गीता मंदिर के महिला मंडल की सदस्याएं भी पंडित अरुण कौड़िण्य जी महाराज की धर्मपत्नी प्रीति जी के साथ कथा में पहुंचीं और श्रीकृष्ण जन्मोत्सव में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।अंत में सभी श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से महाआरती की। आरती के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया और श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण से सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।

0 टिप्पणियाँ