डीएम एवं एसएसपी के निर्देशन में माँ शाकम्भरी देवी मंदिर क्षेत्र में की गई मॉक ड्रिल
रिपोर्ट अमान उल्ला खान
सहारनपुर-जिलाधिकारी श्री अरविंद कुमार चौहान एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री अभिनंदन के निर्देशन में शक्ति पीठ स्थल माँ शाकम्भरी देवी पर आगामी 16 सितंबर से 26 सितंबर तक आयोजित होने वाले झण्डे वाले मेले एवं 11 अक्टूबर से 26 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले शारदीय नवरात्र मेला जिसमें असंख्य भक्तों एवं श्रद्धालुओं के आने की सम्भावना है, के सम्बन्ध में मेला स्थल पर भारी बारिश अथवा ऊपरी क्षेत्रों में बारिश के कारण बाढ की स्थिति बन जाने तथा एकाएक जल प्रवाह की समस्या उत्पन्न हो जाने की आशंका के दृष्टिगत एकाएक पानी से श्रद्धालुओं को कैसे सुरक्षित किया जाये इस हेतु एक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।
आयोजन में सर्वप्रथम ऊपरी पहाडी क्षेत्रों से आकस्मिक पानी आने की सूचना पहुँचायी गयी, जिसके उपरान्त मन्दिर प्रांगण में आये श्रद्धालुओं को साईरन आदि के माध्यम से नीचे खोल मे पानी की आंशका से सूचित कराया गया। प्रसाद, खेल खिलौने आदि दुकानों पर खडे श्रद्धालुओं एवं मन्दिर परिक्षेत्र में नीचे खोल में घूम रहे श्रद्धालुओं को पानी आने की सूचना देते हुए ऊपरी क्षेत्र में सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया। इसके उपरान्त पानी आने पर दो व्यक्तियों को रेसक्यू कराकर ऐम्बूलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुँचाया गया तथा पानी आने पर रस्सियों के माध्यम से श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थान पर पहुँचाया गया। मॉक ड्रिल के माध्यम से उपस्थित श्रद्धालु, दुकानदारों, विभिन्न विभागो के तैनात कार्मिकों एवं मन्दिर कार्मिकों को आगामी दिवसों में आयोजित होने वाले मेले में आवागमन, साफ-सफाई, प्रवेश व निकास, पार्किंग एवं यात्री सुविधाओं के बारे में भी जागरूक किया गया श्रद्धालुओं एवं दुकानदारों को निर्देश दिये गये की नदी तलहटी क्षेत्र में किसी भी वाहन का आवागमन वर्जित है, वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही पार्क करें। भण्डारें नदी तल में वर्जित है। किसी भी प्रकार की कोई भी दुकान एवं ठेले इत्यादि नदी तल में बिल्कुल वर्जित है। अफवाओं पर ध्यान न दें। मेले क्षेत्र में निर्धारित मार्ग का ही इस्तेमाल करें। जंगली रास्तों में सांप, बिच्छु एवं अन्य जंगली जानवरों के होने से किसी प्रकार की दुर्घटना होने की आंशका बनी रहती है अतः सुरक्षित और निर्धारित मार्ग का ही प्रयोग करें।मॉक ड्रिल में पुलिस अधीक्षक यातायात श्री शैलेन्द्र श्रीवास्तव, उप जिलाधिकारी बेहट श्री विकास कुमार पाण्डेय, पुलिस क्षेत्राधिकारी बेहट सुश्री प्रिया यादव, मुख्य अग्निशमन अधिकारी श्री प्रताप सिंह, नायब तहसीलदार बेहट श्री देवेन्द्र कुमार प्रजापति, प्रभारी चिकित्साधिकारी मुजफ्फराबाद श्री अशोक कुमार सहित प्रभारी निरीक्षक थाना मिर्जापुर, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), सिविल डिफेन्स, एस०डी०आर०एफ० के कर्मी एवं अधिकारीगण, स्थानीय पुलिस कर्मी एवं लेखपालगण व अमीनों के द्वारा प्रतिभाग किया गया।

0 टिप्पणियाँ