मानवीय कल्याण समिति की रामलीला में शबरी लीला ने किया भावविभोर, हनुमान जी का भव्य आगमन और बाली वध का हुआ शानदार मंचन
माता शबरी की भक्ति से लेकर हनुमान जी के समर्पण तक, जय श्रीराम के जयघोष से गूंजा रामलीला मैदान
रिपोर्ट अमान उल्ला खान
सहारनपुर- मानवीय कल्याण समिति, लेबर कॉलोनी द्वारा आयोजित रामलीला में शबरी लीला, हनुमान जी का भव्य आगमन, भगवान श्रीराम और सुग्रीव की मित्रता, बाली वध तथा भगवान श्रीराम द्वारा हनुमान जी को माता सीता की खोज का दायित्व सौंपने जैसे महत्वपूर्ण प्रसंगों का भव्य एवं भावपूर्ण मंचन किया गया। कलाकारों ने अपने शानदार अभिनय से उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम की लीलाओं का आनंद लिया और पूरा रामलीला मैदान जय श्रीराम एवं जय हनुमान के जयघोष से गूंज उठा।
रामलीला में सर्वप्रथम शबरी लीला का भावपूर्ण मंचन किया गया। माता शबरी की निस्वार्थ भक्ति, वर्षों तक प्रभु श्रीराम की प्रतीक्षा और उनके प्रति अटूट विश्वास के प्रसंग ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। भगवान श्रीराम द्वारा शबरी के प्रेम और भक्ति को स्वीकार करने के दृश्य को कलाकारों ने अत्यंत सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया। इस प्रसंग के माध्यम से संदेश दिया गया कि प्रभु की भक्ति में जाति, वर्ग और ऊंच-नीच का कोई स्थान नहीं है, बल्कि सच्चा प्रेम, श्रद्धा और समर्पण ही भक्ति का वास्तविक स्वरूप है।इसके पश्चात हनुमान जी के आगमन, भगवान श्रीराम और सुग्रीव की मित्रता तथा बाली वध की लीला का प्रभावशाली मंचन किया गया। भगवान श्रीराम द्वारा सुग्रीव को दिए गए वचन का पालन करने और धर्म की स्थापना के प्रसंग ने दर्शकों को प्रभावित किया। इसके बाद प्रभु श्रीराम ने हनुमान जी को माता सीता की खोज का दायित्व सौंपा। हनुमान जी की अद्भुत भक्ति, साहस, समर्पण और प्रभु श्रीराम के प्रति अटूट निष्ठा के मंचन ने श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह भर दिया।इन सभी लीलाओं के माध्यम से श्रद्धालुओं को सत्य, धर्म, मित्रता, कर्तव्य, समानता और प्रभु भक्ति का संदेश मिला।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के वरिष्ठ नेता साहब सिंह पुंडीर एवं योगेश पुंडीर, वरिष्ठ समाजसेवी पुष्पेंद्र चौधरी, पूर्व महानगर अध्यक्ष राकेश जैन, दिनेश जैन बल्ली, अरविंद गोयल, व्यापारी नेता नरेश धीमान, अनुज जैन, राजकुमार कालड़ा, सागर वर्मा, संजीव विश्वकर्मा तथा पंकज अरोड़ा (अरोड़ा कैटर्स) सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।अतिथियों ने रामलीला के भव्य आयोजन और कलाकारों के शानदार अभिनय की सराहना करते हुए कहा कि रामलीला हमारी समृद्ध सांस्कृतिक एवं धार्मिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे आयोजन समाज में धार्मिक आस्था, सद्भाव और संस्कारों को मजबूत करने के साथ-साथ मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करते हैं। समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत किया तथा रामलीला के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी कार्यकर्ताओं, कलाकारों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष प्रदीप कपिल, महामंत्री विश्वनाथ तिवारी, कोषाध्यक्ष संजय राय, संयोजक ठाकुर रामाशंकर सिंह, उमेश कश्यप, संदीप रावत, राजेंद्र गुप्ता गर्ग, सतेंद्र रावत, कमल श्रीवास्तव, डॉ. अश्वनी शर्मा, डॉ. मोहित शर्मा, सुनील मोंगा एवं प्रकाश पांडेय सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।कार्यक्रम का मंच संचालन विजय गुप्ता एवं एडवोकेट सतीश चौधरी ने किया। रामलीला के सफल आयोजन में समिति के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


0 टिप्पणियाँ