राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में दमखम दिखाएंगे सहारनपुर के तीन खिलाड़ी
रिपोर्ट मनोज कश्यप
सहारनपुर-राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए सहारनपुर के तीन एथलीट तैयार हैं। तमिलनाडु के चेन्नई में आयोजित होने वाली 42वीं राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए जिले के तीन खिलाड़ियों कनक देवी, नेहल जुनेजा और राहुल कुमार का उत्तर प्रदेश की राज्य एथलेटिक्स टीम में चयन हुआ है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से खेल जगत में खुशी का माहौल है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने से पहले जिला एथलेटिक्स संघ की ओर से तीनों चयनित खिलाड़ियों और उनके प्रशिक्षक दीपक शर्मा भगत को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
जिला एथलेटिक्स संघ सहारनपुर के सचिव डॉ. अशोक कुमार गुप्ता ने बताया कि भारतीय एथलेटिक्स महासंघ के तत्वावधान में 42वीं राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन चेन्नई स्थित जवाहरलाल नेहरू स्पोर्ट्स स्टेडियम में 23 से 27 अक्टूबर तक निर्धारित है। इस प्रतियोगिता में देशभर के प्रतिभाशाली जूनियर एथलीट अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। सहारनपुर के तीन खिलाड़ियों का प्रदेश की टीम में स्थान बनाना जिले के लिए गौरव की बात है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए कनक देवी का चयन भाला फेंक स्पर्धा के लिए हुआ है। नेहल जुनेजा ट्रायथलॉन-सी वर्ग में 60 मीटर दौड़, 600 मीटर दौड़ और लंबी कूद की स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगी। वहीं राहुल कुमार 1500 मीटर दौड़ में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।उन्होंने बताया कि इन खिलाड़ियों का चयन लखनऊ में चार से छह अक्टूबर तक आयोजित उत्तर प्रदेश राज्य जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में उनके प्रदर्शन के आधार पर हुआ है। इस प्रतियोगिता में कनक देवी और नेहल जुनेजा ने अपने-अपने इवेंट में स्वर्ण पदक हासिल किए, जबकि राहुल कुमार ने रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के दम पर तीनों खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्राप्त किया है। कनक देवी और नेहल जुनेजा प्रशिक्षक दीपक शर्मा भगत के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।तीनों खिलाड़ियों की उपलब्धि पर जिले के खेल प्रशासकों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। बधाई देने वालों में यशपाल सिंह पुंडीर, चौधरी ईश्वरपाल सिंह मुखिया, मशकूर अहमद, डॉ. संदीप गुप्ता, अविनाश कुमार बिट्टू, पार्षद गौरव कपिल, रवि कोरी, दीपक शर्मा, मुस्तकीम अंसारी, पॉपिन कुमार, प्रवीण कुमार, आदेश, गजेंद्र चौधरी, जूली पुंडीर, गौरव चौहान, रुबिका नेगी, रोहित कुमार, मनोज प्रजापति, नूरीन जहां और अमरपाल सिंह सहित अन्य लोग प्रमुख रूप से शामिल रहे।
0 टिप्पणियाँ