मेला गुघाल में सहारनपुर की दस विभूतियों को ‘सहारनपुर गौरव अवॉर्ड-2026’
- लोगों को बताया सहारनपुर का इतिहास, विरासत और उपलब्धियां
- मेला गुघाल के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में ‘मेरा सहारनपुर-मेरा गौरव’ समारोह का हुआ आयोजन
रिपोर्ट अमान उल्ला खान
सहारनपुर-श्रीजाहरवीर गोगा जी महाराज की स्मृति में आयोजित मेला गुघाल के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में नगर निगम द्वारा सिटीवेब न्यूज के सहयोग से ‘मेरा सहारनपुर-मेरा गौरव’ समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता प्राची चौधरी, क्रिकेटर एवं कोच भावना तोमर, उपसभापति मयंक गर्ग, कार्यक्रम संयोजक नीरज शर्मा व संजय फुटेला आदि ने दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में देश, प्रदेश और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सहारनपुर का नाम रोशन करने वाली 10 विभूतियों को ‘सहारनपुर गौरव अवॉर्ड-2026’ से सम्मानित किया गया। इनमें खेल के क्षेत्र में एशियाई खेलों में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतने वाली धावक प्राची चौधरी, महिला क्रिकेटर एवं कोच भावना तोमर और राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक विजेता पैरा शूटर अंश गुप्ता के अतिरिक्त चिकित्सा क्षेत्र में डॉ. अनिल मलिक एवं डॉ. संजीव मित्तल, इनोवेशन एवं टेक्नोलॉजी-बिजनेस क्षेत्र में हर्षिता अरोड़ा एवं शुभावरी चौहान, अभिनय क्षेत्र में कपिल शो की नेत्री मंजू बृजभूषण शर्मा, शिक्षा के क्षेत्र में लीना दुआ तथा सामाजिक क्षेत्र में विनोद गुप्ता को ‘सहारनपुर गौरव अवॉर्ड-2026’ प्रदान किया गया।दूसरी ओर डिजिटल क्रिएशन, सोशल मीडिया, सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए प्रेरणा लखेड़ा, ज्योति मल्होत्रा, दिया मेहता, तनु शर्मा, कांवड़ यात्रा सेवा शिविर संघ के अध्यक्ष संजय फुटेला तथा एचटीसी अध्यक्ष सरदार परम बतरा को ‘सिटीवेब एक्सीलेंस अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। समारोह की अध्यक्षता कर रहे पद्मश्री भारत भूषण ,महापौर डॉ. अजय कुमार, सपा नेता शायन मसूद, सीआईएस के अध्यक्ष रविंद्र मिगलानी, पूर्व उपसभापति मुकेश गक्खड़, भाजपा नेता अमर गुप्ता, सूर्य राणा, पूर्व महानगर अध्यक्ष राकेश जैन, मेला संयोजक पार्षद संजय सैनी, मेला आयोजन समिति अध्यक्ष दिग्विजय चौहान, कार्यक्रम संयोजक नीरज शर्मा, दल नेता स. राजेंद्र कोहली, मेला सहसंयोजक ज्योति अग्रवाल व आप नेता योगेश दहिया सहित अन्य अतिथियों एवं कार्यक्रम सह संयोजक दीपक अरोड़ा ने सम्मानित विभूतियों को स्मृति चिह्न एवं सम्मान पत्र प्रदान किए।इससे पूर्व कार्यक्रम में विभिन्न संस्थाओं के बाल एवं युवा कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी। समारोह का प्रमुख आकर्षण दीपक अरोड़ा द्वारा प्रस्तुत सहारनपुर के इतिहास, विरासत, उपलब्धियों और बदलते स्वरूप पर आधारित विशेष डॉक्यूमेंट्री रही। इसमें पुराने सहारनपुर से लेकर आधुनिक और विकास की ओर बढ़ते नए सहारनपुर की यात्रा को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया था। नगर निगम तथा स्मार्ट सिटी लि. द्वारा महानगर के विकास के योगदान को भी डॉक्यूमेंट्री में फोकस किया गया। मुख्य अतिथि महापौर डॉ. अजय कुमार ने सम्मानित विभूतियों को बधाई देते हुए कहा कि ‘सहारनपुर गौरव’ प्राप्त करने वाले व्यक्तित्व सहारनपुर के ऐसे नायक हैं, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देकर सहारनपुर को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि 2047 के विकसित भारत का सपना ऐसे ही कर्मठ, प्रतिभाशाली और समाज के लिए योगदान देने वाले लोगों के प्रयासों से साकार होगा। उन्होंने सहारनपुर में एग्रो और एग्रीकल्चर आधारित उद्योगों की संभावनाओं को भी विस्तार देने की जरूरत पर बल दिया। सपा नेता शायन मसूद ने ऐसे आयोजनों की समय-समय पर आवश्यकता जताते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से शहर की प्रतिभाओं को पहचान मिलती है और समाज में सकारात्मक वातावरण तैयार होता है। कार्यक्रम में अनेक पार्षद तथा शहर के गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन क्वांटम यूनिवर्सिटी के कुलसचिव डॉ. अमित दीक्षित एवं काजल खुराना ने किया।




0 टिप्पणियाँ