सहारनपुर में धूमधाम से मनाया गया ब्रूस ली का जन्मदिवस
ब्रूस ली की प्रतिभा और लोकप्रियता हमेशा रहेगी अमर- नंदकिशोर
रिपोर्ट मनोज कश्यप
सहारनपुर-ब्रूस ली मार्शल आर्ट्स एकेडमी एवं कराटे एसोसिएशन ऑफ सहारनपुर के संयुक्त तत्वावधान में मार्शल आर्ट्स के महानायक ब्रूस ली का 86वां जन्मदिवस शांति नगर स्थित किशोर वाटिका में हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ब्रूस ली के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देने के साथ हुआ।इस अवसर पर कराटे एवं मार्शल आर्ट्स के मुख्य प्रशिक्षक नंदकिशोर ने कहा कि ब्रूस ली की ख्याति विश्वभर में आज भी कायम है और उनकी प्रतिभा सदैव अमर रहेगी। उन्होंने बताया कि ब्रूस ली का जन्म 27 नवंबर 1940 को सैन फ्रांसिस्को, कैलिफोर्निया (अमेरिका) में हुआ था। उन्होंने अपनी प्रतिभा और मार्शल आर्ट्स के दम पर पूरी दुनिया में अलग पहचान बनाई। द बिग बॉस, एंटर द ड्रैगन, फिस्ट ऑफ फ्यूरी और द गेम ऑफ डेथ जैसी फिल्मों के माध्यम से उन्होंने करोड़ों लोगों के दिलों में जगह बनाई। महज 32 वर्ष की आयु में दुनिया को अलविदा कहने के बावजूद वे आज भी खिलाड़ियों और मार्शल आर्ट्स प्रेमियों के प्रेरणास्रोत बने हुए हैं।नंदकिशोर ने कहा कि ब्रूस ली का जन्मदिवस मनाना केवल एक महान कलाकार को याद करना नहीं, बल्कि उनकी प्रतिभा, अनुशासन, मेहनत और आत्मविश्वास को सम्मान देना है। इस दौरान एकेडमी के खिलाड़ियों ने हैरतअंगेज मार्शल आर्ट्स प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रदर्शन करने वालों में गणेशा, कार्तिक, प्रेरणा, देव, तरुण तोमर, अरुण तोमर, फराना, सिदरा सहित अन्य खिलाड़ियों ने शानदार कला का प्रदर्शन किया।कार्यक्रम में पुष्कर सिंह पुंडीर, अंकुर, एकता, रीटा, अनुराधा, सुरेश कुमार, राजकुमार, धनीपाल, संदीप कश्यप, अमित, प्रदीप, निधि, ललिता, समरीन, खुशनुमा प्रवीन, योगेश प्रताप सिंह, शैली पाल, निगम, नेहा, ईशिका, आरजू, साक्षी, मोनिका तोमर एवं धीमान सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


0 टिप्पणियाँ