विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026 का मुख्यमंत्री ने किया शुभारंभ,
हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के कॉरपस फंड के लिए 1 करोड़ देने की घोषणा
विकास योजनाओं में पर्यावरणीय संतुलन और मानवीय सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने पर दिया जोर’
रिपोर्ट श्रवण कुमार झा
देहरादून-मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026 का शुभारंभ किया।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, देहरादून के कॉरपस फंड के लिए 1करोड़ देने की घोषणा की।तीन दिवसीय इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में 50से अधिक देशों के प्रतिनिधि,आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ,वैज्ञानिक, शिक्षाविद्,विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं तकनीकी संस्थानों के प्रतिनिधि तथा आपदा प्रबंधन से जुड़े संगठन प्रतिभाग कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने सम्मेलन के आयोजन को उत्तराखंड के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताते हुए कहा कि यह आयोजन राज्य को आपदा प्रबंधन,अनुसंधान और वैश्विक सहयोग के क्षेत्र में एक प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में सार्थक पहल है।सम्मेलन के माध्यम से दुनिया के विभिन्न देशों के अनुभवों,आधुनिक तकनीकों,नवाचारों और अनुसंधान को साझा करने के साथ ही आपदाओं से निपटने के लिए समन्वित रणनीतियों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।मुख्यमंत्री ने सम्मेलन में उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए आयोजन से जुड़ी हिमालयन एकेडमी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी सहित सभी संस्थाओं और आयोजकों का आभार व्यक्त किया।उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन वेस्टइंडीज से ऑस्ट्रेलिया तक,गुजरात से पूर्वाेत्तर तक और कश्मीर से तमिलनाडु तक विभिन्न क्षेत्रों को एक साझा मंच पर जोड़ रहा है।उत्तराखंड के सभी 13जनपदों,देश के विभिन्न राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों तथा लगभग 50देशों की सहभागिता इस बात का प्रमाण है कि आपदा प्रबंधन अब किसी एक देश या क्षेत्र का विषय नहीं,बल्कि संपूर्ण मानवता की साझा जिम्मेदारी है। यह आयोजन ‘वसुधैव कुटुम्बकम’की भावना को भी साकार करता है।मुख्यमंत्री ने कहा कि 28 नवंबर का दिन उत्तराखंड के लिए विशेष महत्व रखता है।वर्ष 2023 में इसी अवधि के दौरान सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41श्रमिकों को 17दिनों के अथक प्रयासों के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया था।उस कठिन समय को याद करते हुए उन्होंने कहा कि पूरा देश उन श्रमिकों की सुरक्षा के लिए प्रार्थना कर रहा था।सुरंग के बाहर श्रमिकों के परिजनों की चिंता, प्रदेशवासियों की उम्मीदें और बाबा बौखनाग जी के प्रति लोगों की आस्था उस कठिन अभियान के दौरान सभी को संबल प्रदान कर रही थी।मुख्यमंत्री ने कहा कि 41श्रमिकों का सुरक्षित बाहर आना केवल एक रेस्क्यू ऑपरेशन की सफलता नहीं,बल्कि मानवता,साहस,धैर्य और सामूहिक संकल्प की ऐतिहासिक विजय थी।उन्होंने विशेष रूप से श्रमिक गब्बर सिंह नेगी सहित सभी श्रमिकों के धैर्य और साहस की सराहना की।मुख्यमंत्री ने सिलक्यारा रेस्क्यू ऑपरेशन में योगदान देने वाले इंजीनियरों,वैज्ञानिकों,रैट माइनर्स,सेना,एनडीआरएफ ,एसडी आरएफ,केंद्रीय एवं राज्य की एजेंसियों,प्रशासनिक अधिकारियों तथा स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त किया।उन्होंने कहा कि जब बड़ी मशीनों के सामने चुनौतियां आईं,तब रैट माइनर्स ने अपने कौशल और साहस से अंतिम चरण में महत्वपूर्ण सफलता दिलाई।यह अभियान आधुनिक विज्ञान और तकनीक के साथ मानवीय संवेदनशीलता,अनुभव,धैर्य और सामूहिक प्रयासों के समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण बना। उस समय उत्तराखंड ने पूरी दुनिया को यह दिखाया कि कठिन परिस्थितियों में भी समन्वित प्रयास,वैज्ञानिक दृष्टिकोण और दृढ़ इच्छाशक्ति से असंभव प्रतीत होने वाले कार्य को संभव बनाया जा सकता है।मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पूरी दुनिया जलवायु परिवर्तन के कारण उत्पन्न गंभीर चुनौतियों का सामना कर रही है।कहीं अत्यधिक वर्षा और बाढ़ की घटनाएं हो रही हैं,तो कहीं सूखा,भूस्खलन,वनाग्नि और चरम मौसमी परिस्थितियां जनजीवन को प्रभावित कर रही हैं।इन आपदाओं का प्रभाव केवल जन-धन की हानि तक सीमित नहीं रहता,बल्कि अर्थव्यवस्था ,कृषि,प्राकृतिक संसाधनों और सामाजिक संरचना पर भी पड़ता है।ऐसे में आपदा प्रबंधन के लिए वैश्विक स्तर पर साझा प्रयास,अनुभवों का आदान-प्रदान और प्रभावी कार्ययोजना आवश्यक है।मुख्यमंत्री ने हिमालयी क्षेत्र की संवेदनशीलता का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड सहित संपूर्ण हिमालयी क्षेत्र पर्यावरणीय और भौगोलिक दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील है।वर्ष 2013 की केदारनाथ आपदा, वर्ष 2021 की चमोली आपदा,सिलक्यारा सुरंग घटना और हाल के वर्षों में हुई विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं ने यह स्पष्ट किया है कि हिमालयी क्षेत्रों में विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है।हिमाचल प्रदेश,सिक्किम,अरुणाचल प्रदेश,जम्मू- कश्मीर,नेपाल,भूटान और तिब्बत सहित समूचे हिमालयी क्षेत्र की चुनौतियां काफी हद तक समान हैं।इसलिए इस सम्मेलन में हिमालयी क्षेत्र की समस्या वन,जैव विविधता और पारिस्थितिकी तंत्र पूरे देश और क्षेत्र की जल एवं पर्यावरणीय सुरक्षा से जुड़े हैं।जलवायु परिवर्तन के कारण ग्लेशियरों पर पड़ रहे प्रभाव,अतिवृष्टि,भूस्खलन,बादल फटने और बाढ़ जैसी घटनाओं का वैज्ञानिक अध्ययन तथा समय रहते चेतावनी देने वाली व्यवस्थाओं का विकास आज की आवश्यकता है।मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा प्रबंधन में पारंपरिक ज्ञान और आधुनिक तकनीक का समन्वय बेहद महत्वपूर्ण है।आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस,मशीन लर्निंग,रिमोट सेंसिंग, जीआईएस,सैटेलाइट मॉनिटरिंग और ड्रोन तकनीक के माध्यम से आपदा संबंधी जोखिमों का बेहतर आकलन किया जा सकता है।इन तकनीकों का लाभ प्रदेश के अंतिम गांव तक पहुंचना चाहिए,ताकि समय रहते चेतावनी जारी हो सके और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था की जा सके।उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन को केवल राहत एवं बचाव तक सीमित न रखते हुए आपदा जोखिम न्यूनीकरण,पूर्व तैयारी और आपदा के बाद प्रभावी पुनर्वास एवं पुनर्निर्माण से जोड़ना होगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि सम्मेलन की थीम‘रेजिलिएंस स्टार्ट्स एट होम एंटीसिपेटिंग रिस्क्स,बिल्डिंग रेजिलिएंस, ट्रांसफॉर्मिंग फ्यूचर’अत्यंत प्रासंगिक है।आपदा से निपटने की तैयारी केवल सरकारी संस्थाओं या विशेषज्ञों तक सीमित नहीं रह सकती।इसकी शुरुआत घर,गांव,विद्यालय,कार्यालय और स्थानीय समुदाय से होनी चाहिए।प्रत्येक नागरिक को आपदा के समय अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों की जानकारी होनी चाहिए।प्रशिक्षित युवा, पंचायतें,स्थानीय संस्थाएं और समुदाय आधारित चेतावनी प्रणाली आपदा के प्रभाव को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन का हाइब्रिड एवं विकेंद्रीकृत स्वरूप सराहनीय है।छह महाद्वीपों में एक साथ आयोजित किए जा रहे सत्रों के माध्यम से विभिन्न देशों के विशेषज्ञों और संस्थानों को एक मंच पर जोड़ने के साथ ही यात्रा से होने वाले कार्बन उत्सर्जन को कम करने का प्रयास भी किया गया है।सम्मेलन में 30से अधिक राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों तथा 30 से अधिक सहयोगी संस्थानों की सहभागिता आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में व्यापक सहयोग की संभावनाओं को मजबूत करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार आपदा प्रबंधन की व्यवस्थाओं को लगातार सुदृढ़ कर रही है।राज्य में एसडीआरएफ को मजबूत करने,आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराने,पूर्व चेतावनी प्रणाली विकसित करने,संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी,विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय और स्थानीय समुदायों को प्रशिक्षित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।आपदा के दौरान त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों के साथ-साथ प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्वास और पुनर्निर्माण को भी प्राथमिकता दी जा रही है।मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में आपदा प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने के लिए वैज्ञानिक अनुसंधान,तकनीकी नवाचार,प्रशिक्षण और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा दिया जा रहा है।राज्य में आपदा जोखिमों का आकलन करने,चेतावनी तंत्र को मजबूत बनाने और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जा रहा है।उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस सम्मेलन में होने वाला विचार-विमर्श न केवल उत्तराखंड,बल्कि पूरे हिमालयी क्षेत्र और विश्व के अन्य संवेदनशील क्षेत्रों के लिए उपयोगी सिद्ध होगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास की कोई भी परियोजना मानव जीवन से अधिक महत्वपूर्ण नहीं हो सकती।इसलिए प्रत्येक विकास योजना में सुरक्षा,पर्यावरणीय संतुलन और आपदा प्रबंधन के पहलुओं को समाहित किया जाना चाहिए।विकास और पारिस्थितिकी के बीच संतुलन स्थापित करते हुए ही सुरक्षित,टिकाऊ और समृद्ध भविष्य का निर्माण किया जा सकता है।मुख्यमंत्री ने सम्मेलन के सफल आयोजन की कामना करते हुए आशा व्यक्त की कि यहां होने वाला मंथन आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में नई नीतियों,तकनीकों और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के लिए मार्ग प्रशस्त करेगा।उन्होंने सिलक्यारा रेस्क्यू ऑपरेशन में योगदान देने वाले सभी लोगों, आपदा प्रबंधन से जुड़े विशेषज्ञों और सम्मेलन के आयोजकों का आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर उत्तराखंड आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय कुमार रोहिल्ला,दून विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ.सुरेखा डंगवाल,पद्मभूषण डॉ.अनिल प्रकाश जोशी,राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सदस्य डॉ.दिनेश कुमार असवाल,विभिन्न देशों से आए प्रतिनिधि,आपदा प्रबंधन के विशेषज्ञ,वैज्ञानिक,शिक्षाविद् तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

0 टिप्पणियाँ