सहारनपुर के युवा क्रिकेटरों अयान अकरम और अनमोल नौसरान ने अपनी प्रतिभा के दम पर बनाई प्रदेश की क्रिकेट टीम में जगह
रिपोर्ट मनोज कश्यप
सहारनपुर-सहारनपुर के युवा क्रिकेटरों अयान अकरम और अनमोल नौसरान ने अपनी प्रतिभा के दम पर प्रदेश की क्रिकेट टीम में जगह बनाई है। कूच बिहार ट्रॉफी में अयान अकरम को उत्तर प्रदेश अंडर-19 टीम की कप्तानी सौंपी गई है, जबकि अनमोल नौसरान भी टीम का हिस्सा बने हैं। अयान को कप्तान बनाए जाने से सहारनपुर के खेल जगत और क्रिकेट प्रेमियों में खुशी की लहर है।
अयान अकरम
उत्तर प्रदेश की टीम गुरुवार से लखनऊ में गुजरात के खिलाफ कूच बिहार ट्रॉफी का मुकाबला खेलेगी। इस मैच में अयान अकरम कप्तान के रूप में टीम का नेतृत्व करेंगे। सहारनपुर के दोनों खिलाड़ियों का प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में चयन जिले की क्रिकेट प्रतिभाओं के लिए गौरव का विषय है।अयान अकरम ने पिछले सीजन कूच बिहार ट्रॉफी में अपने शानदार प्रदर्शन से चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया था। उन्होंने गेंदबाजी में 37 विकेट हासिल करने के साथ बल्लेबाजी में भी 300 से अधिक रन बनाए थे। उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर उन्हें भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम में जगह मिली थी। इसके बाद अयान ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत की अंडर-19 टीम की ओर से टेस्ट मैच भी खेले।पिछले सीजन में शानदार प्रदर्शन और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनुभव हासिल करने के बाद इस बार अयान को उत्तर प्रदेश की अंडर-19 टीम की कमान सौंपना उनके क्रिकेट करियर की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। अनमोल नौसरान
वहीं अनमोल नौसरान का टीम में चयन भी सहारनपुर की क्रिकेट प्रतिभा को प्रदेश स्तर पर पहचान मिलने का प्रमाण है।दोनों खिलाड़ियों के चयन और अयान को कप्तानी मिलने की खबर से सहारनपुर के क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह है। जिले के खेलप्रेमियों को उम्मीद है कि अयान अपनी कप्तानी और ऑलराउंड प्रदर्शन से उत्तर प्रदेश की टीम को प्रतियोगिता में बेहतर परिणाम दिलाएंगे, जबकि अनमोल नौसरान भी अपने प्रदर्शन से टीम की सफलता में अहम भूमिका निभाएंगे।सहारनपुर के इन युवा खिलाड़ियों की उपलब्धि से जिले के उभरते क्रिकेटरों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।


0 टिप्पणियाँ