Ticker

6/recent/ticker-posts

काकोरी ट्रेन एक्शन की 100 वीं वर्षगांठ के अवसर पर जनमंच सभागार में आयोजित हुए भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम

काकोरी ट्रेन एक्शन की 100 वीं वर्षगांठ के अवसर पर जनमंच सभागार में आयोजित हुए भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम

बलियाखेडी ब्लॉक से गांधी पार्क तक शहीद स्मृति यात्रा का हुआ आयोजन

रिपोर्ट-अमान उल्ला खान

सहारनपुर-काकोरी ट्रेन एक्शन की 100 वीं वर्षगांठ के अवसर पर ब्लॉक बलियाखेडी से गांधी पार्क के लिए साईकिल स्वारों द्वारा शहीद स्मृति यात्रा का आयोजन किया गया। सभी साईकिलों पर क्रांतिकारियों द्वारा दिये गये लोकप्रिय नारों की कार्डबोर्ड की पट्टिकाएं लगी हुई थी। शहीद स्मृति यात्रा को मा0 राज्यमंत्री लोक निर्माण विभाग श्री ब्रजेश सिंह, महापौर डॉ0 अजय कुमार, नगर विधायक श्री राजीव गुंबर, मंडलायुक्त डॉ0 हृषिकेश भास्कर यशोद, जिलाधिकारी श्री मनीष बंसल द्वारा हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया। इसके पश्चात गांधी पार्क में फूल वर्षा कर शहीद स्मृति यात्रा का स्वागत किया गया। उपस्थित सभी ने शहीद क्रांतिकारियों की तस्वीरों एवं महात्मा गांधी जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। कार्यक्रम का शुभारम्भ तिरंगे रंग के 100 गुब्बारों को उडाकर किया गया। इसी के साथ पुलिस बैण्ड द्वारा राष्ट्रधुन का वादन किया गया। 

इसके बाद सभी ने जनमंच सभागार में काकोरी शहीद स्मारक, लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में माननीय मुख्यमंत्री जी के उद्बोधन का सजीव प्रसारण देखा। जनमंच सभागार में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गये। मुख्य अतिथि एवं उपस्थित अन्य अतिथियों तथा वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा शहीद क्रांतिकारियों एवं स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। इसी के साथ काकोरी ट्रेन एक्शन संबंधी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान शिफा और अरशी, द्वितीय स्थान फातिमा अनम एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली सना अफजल और वाजिया को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर स्वतंत्रता आंदोलन काकोरी से संबंधित पुस्तक का विमोचन किया गया। जनमंच परिसर में सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा लगाई गयी प्रदर्शनी को सभी ने देखा एवं खूब सराहा। गुरूनानक गर्ल्स इण्टर कॉलेज की छात्राओं द्वारा शहीदों पर आधारित बनाई गयी रंगोली की उपस्थित सभी ने भूरि-भूरि प्रशंसा की। राज्यमंत्री लोक निर्माण विभाग श्री ब्रजेश सिंह ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में प्रदेश भर में कार्यक्रम आयोजित कर शहीद क्रांतिकारियों को श्रद्धा सुमन अर्पित करने के साथ ही उनके परिजनों को सम्मानित किया जा रहा है। उन्होने कहा कि भारत संस्कार और संस्कृतियांें वाला देश है और हमें अपनी विराट संस्कृति पर गर्व करना चाहिए। जो देश अपनी संस्कृति, संस्कार और विरासत को साथ लेकर चलता है वह हमेशा तरक्की के पथ पर अग्रसर रहता है। उन्होने कहा कि मैं सौभाग्यशाली हूं कि मेरा भी जन्म स्वतंत्रता सेनानियों के परिवार में हुआ है। बलिदानियों की शौर्य गाथा को याद करें। उन्होने युवाओं और बच्चों का आवाहन करते हुए कहा कि 2047 में भारत को विकसित बनाने के संकल्प को सिद्ध करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। उन्होने वैष्णवी नृत्यालय की चेयरपर्सन एवं साधिकाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में नृत्य भी एक प्रकार की ईश्वरीय आराधना है। 

महापौर डॉ0 अजय कुमार ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और क्रांतिकारियों के बलिदान की वजह से आज हम स्वछंद हवा में सांस ले रहे हैं। काकोरी ट्रेन एक्शन कोई लूट नहीं बल्कि अपने देश को आजाद कराने के लिए आवश्यक संसाधनों की पूर्ति करना था। उन्होंने कहा भारत आज पुनः सोने की चिड़िया बनने के साथ दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि हम सब भाग्यशाली है कि हमारा जन्म गौरवमयी इतिहास वाली पवित्र भूमि भारत में हुआ है। उन्होंने सभी से आह्वान करते हुए कहा कि जाति धर्म से ऊपर उठते हुए राष्ट्रहित में कार्य करें जिससे देश विकास की नई ऊंचाइयों को छू सके। नगर विधायक राजीव गुंबर ने क्रांतिकारियों और शहीदों की कुरबानियों को याद करने के साथ उनके परिवार को नमन करते हुए कहा कि हमारी सरकार क्रांतिकारियों और शहीदों के परिवार को सम्मान देने का कार्य कर रही है। काकोरी ट्रेन एक्शन जैसे कार्यक्रमों का उद्देश्य युवा पीढ़ी, समाज और देश के लोगों को उन जाने अनजाने और गुमनाम लोगों की भूमिका से परिचित कराना है जिन्होंने देश को आजाद कराने में अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि 13 से 15 अगस्त तक चलने वाले हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत अपने घर, स्कूल और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर झंडा जरूर लगाएं।योगगुरु श्री भारत भूषण जी ने भव्य कार्यक्रम आयोजित कराने के लिए जिला प्रशासन को बधाई देते हुए कहा कि काकोरी ट्रेन एक्शन की घटना जिस ट्रेन में हुई थी वो ट्रेन सहारनपुर से चलती थी। उन्होंने उपस्थित जनसमूहों से कहा कि अपनी गौरवशाली परंपरा को संभाले और यहां से जाकर क्रांतिकारियों के जीवन विचारों को जीवन में शामिल करते हुए उनका जीवन स्मारक बनकर लोगों के लिए प्रेरणा बने।मुख्य विकास अधिकारी श्री सुमित राजेश महाजन ने उपस्थित सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि उनके उदबोधन से वर्ष भर कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी। इस अवसर पर नगर आयुक्त श्री संजय चौहान, अपर जिलाधिकारी प्रशासन डॉ0 अर्चना द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व रजनीश कुमार मिश्र, निदेशक उत्तर प्रदेश संगीत नाटक एकेडमी डॉ0 शोभित नाहर, जिला सूचना अधिकारी श्री दिलीप कुमार गुप्ता, सहित जिला स्तरीय अधिकारीगण, गणमान्य व्यक्ति एवं भारी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

ग्लोकल विश्वविद्यालय में मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस