छात्राओं ने संभाली पुलिस चौकी की कमान, समस्याएं सुनीं
तल्हेड़ी चौकी में कैंब्रिज स्कूल की छात्राएं बनीं एक दिन की प्रभारी
रिपोर्ट समीर चौधरी
देवबंद - मिशन शक्ति के तहत कैम्ब्रिज इंटरनेशनल स्कूल तल्हेड़ी बजुर्ग की चार छात्राओं को एक दिन के लिए अलग अलग चरणों में तल्हेड़ी बुजुर्ग पुलिस चौकी की कमान सौंपी गई। इस दौरान छात्राओं ने पुलिस की कार्यशैली को परखा और गंभीरता से लोगों की समस्याएं सुनी।
कक्षा आठ की छात्राओं राधिका, अरणिका, परी और फारिया ने चौकी इंचार्ज बनकर अपनी जिम्मेदारी का बखूबी निर्वहन किया। उन्होंने आम जनता की समस्याएं सुनते हुए अपने स्तर से समाधान प्रस्तुत करने का प्रयास किया। छात्राओं ने आत्मविश्वास के साथ जनता से संवाद किया और समस्याओं के समाधान के लिए सुझाव दिए। विद्यालय की प्रधानाचार्या रेनू शर्मा ने कहा कि ऐसे आयोजनों से कानून व्यवस्था के प्रति जागरुकता बढ़ती है। साथ ही सामाजिक संवेदनशीलता और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। विद्यालय प्रबंधन ने छात्राओं की प्रशंसा की। इस दौरान पुलिस विभाग के अधिकारियों ने भी छात्राओं को मार्गदर्शन प्रदान किया। छात्राओं ने इस अनुभव को अपने जीवन का प्रेरणादायक पल बताया।
0 टिप्पणियाँ