एक्सपोर्ट प्रमोशन सेमिनार आयोजित, उद्यमियों को निर्यात के अवसरों की दी जानकारी
रिपोर्ट अमान उल्ला खान
सहारनपुर- सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत एमएसएमई-विकास कार्यालय, आगरा द्वारा इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के सहयोग से एक होटल में एक्सपोर्ट प्रमोशन सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उद्योग विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार के एडिशनल कमिश्नर उद्योग उमेश प्रताप सिंह रहे। सेमिनार का उद्देश्य क्षेत्र के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमियों को निर्यात नीतियों, वित्तीय सुविधाओं, गुणवत्ता मानकों, पैकेजिंग, लॉजिस्टिक्स और बीमा सुरक्षा से संबंधित जानकारी देकर उन्हें वैश्विक बाजार से जोड़ना था।
सेमिनार में मुख्य अतिथि ने कहा कि सरकार एमएसएमई क्षेत्र को निर्यात उन्मुख बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और उद्यमियों को गुणवत्ता, आधुनिक तकनीक और अंतरराष्ट्रीय मानकों को अपनाने की आवश्यकता है। निदेशक विष्णु कुमार वर्मा ने मंत्रालय की निर्यात प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी दी, जबकि आईआईए चैप्टर चेयरमैन गौरव चोपड़ा ने ऐसे कार्यक्रमों को उद्योगों के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।सेमिनार में फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गेनाइजेशन्स, पंजाब नेशनल बैंक, नेशनल स्मॉल इंडस्ट्रीज कॉरपोरेशन, इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ पैकेजिंग, भारतीय डाक विभाग, कंटेनर कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड, ईसीजीसी लिमिटेड और भारतीय मानक ब्यूरो के विशेषज्ञों ने निर्यात प्रक्रिया, वित्त, गुणवत्ता प्रमाणन और लॉजिस्टिक्स पर विस्तृत जानकारी दी। प्रश्नोत्तर सत्र में उद्यमियों ने निर्यात दस्तावेजीकरण, वित्तीय सहायता और बीमा से जुड़े सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने समाधान किया। कार्यक्रम में लगभग 150 उद्योग प्रतिनिधियों ने भाग लिया। अंत में अधिकारियों को सम्मानित किया गया और ऐसे कार्यक्रमों को स्थानीय उद्योगों को “लोकल से ग्लोबल” बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया गया।

0 टिप्पणियाँ