ग्राफिक एरा हॉस्पिटल और डॉ. मौ. अतीक के संयुक्त तत्वावधान में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित, 672 मरीजों की हुई जांच।
रिपोर्ट समीर चौधरी/अमान उल्ला खान
सहारनपुर-ग्राफिक एरा हॉस्पिटल, देहरादून एवं डॉ. मोहम्मद अतीक के संयुक्त तत्वावधान में पुल कम्बोहान स्थित अंगूर वाली मस्जिद के सामने डॉ. मौ. अतीक के क्लिनिक पर शुक्रवार को निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चला, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर का संचालन ग्राफिक एरा हॉस्पिटल के पब्लिक रिलेशन ऑफिसर जियाउर रहमान के नेतृत्व में किया गया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने कुल 672 मरीजों की जांच कर उन्हें निःशुल्क दवाइयां वितरित कीं। इनमें 366 सामान्य रोगों के मरीज, 150 आंखों के मरीज शामिल रहे। जांच के दौरान 45 मरीजों की विशेष स्क्रीनिंग ( ECG) की गई, जबकि 70 आंखों के मरीजों को बेहतर उपचार एवं ऑपरेशन के लिए अस्पताल की टीम अपने साथ देहरादून लेकर गई।
इस अवसर पर डॉ. रजनीश पाठक, डॉ. सिद्धभा झाला, डॉ. वैभव उनियाल सहित नर्सिंग एवं पैरामेडिकल स्टाफ की टीम ने मरीजों की स्वास्थ्य जांच की। चिकित्सकों ने मरीजों को मुफ्त दवाइयां उपलब्ध कराने के साथ आवश्यक जांच कराने और मौसम में फैलने वाली बीमारियों से बचाव के लिए जरूरी सलाह भी दी। डॉ. मोहम्मद अतीक ने बताया कि शिविर में आंखों की निःशुल्क जांच एवं दवा वितरण, सामान्य रोग, पेट रोग (गैस्ट्रो) और हृदय रोग संबंधी परामर्श, हड्डी रोग जांच एवं परामर्श, स्त्री रोग जांच एवं परामर्श जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। इसके अलावा मरीजों के लिए बीपी, शुगर, ऑक्सीजन, पल्स आदि की जांच की भी निशुल्क व्यवस्था की गई। उन्होंने बताया कि ग्राफिक एरा हॉस्पिटल, धूलकोट में आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत मोतियाबिंद एवं अन्य बीमारियों के उपचार की सुविधा उपलब्ध है। अस्पताल आयुष्मान भारत, ईसीएचएस, सीजीएचएस तथा प्रमुख स्वास्थ्य बीमा कंपनियों के पैनल से भी जुड़ा हुआ है, जिससे मरीजों को बेहतर उपचार का लाभ मिल सके।डॉ. मोहम्मद अतीक ने कहा कि उनके क्लिनिक पर समय-समय पर इस प्रकार के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते हैं, ताकि जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने क्षेत्रवासियों से ऐसे शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। अंत में डॉ. मोहम्मद अतीक ने ग्राफिक एरा हॉस्पिटल की पूरी टीम, चिकित्सकों एवं सहयोगी स्टाफ का आभार व्यक्त करते हुए उनके सेवा भाव की सराहना की।

0 टिप्पणियाँ