सफाई व्यवस्था के निजीकरण के विरोध में कर्मचारियों ने प्रदर्शन कर अधिकारी को सौंपा ज्ञापन
रिपोर्ट अमान उल्ला खान
सहारनपुर- सफाई व्यवस्था के निजीकरण के विरोध में शुक्रवार को बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी मंडल आयुक्त कार्यालय पहुंचे और जोरदार प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने संयुक्त मंडल आयुक्त भानु प्रसाद यादव को ज्ञापन सौंपकर सफाई व्यवस्था को निजी कंपनी के हाथों में सौंपे जाने की तैयारी का विरोध जताया।
अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान सफाई कर्मचारी नेता सोनी आजाद वाल्मीकि ने कहा कि सफाई व्यवस्था निजी कंपनी को दिए जाने से कर्मचारियों का उत्पीड़न और शोषण बढ़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे रिश्वतखोरी और कमीशनखोरी को बढ़ावा मिलेगा, जिससे कर्मचारी वर्ग में भारी रोष व्याप्त है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जो कार्य लगभग 45 करोड़ रुपये में हो रहा है, उसी कार्य को 78 करोड़ रुपये में कराने की तैयारी की जा रही है, जिससे नगर निगम एवं शासन को राजस्व की हानि होगी। कुछ लोग निजी लाभ के लिए कर्मचारियों के हितों की अनदेखी कर रहे हैं, जिसे कर्मचारी संगठन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगा। सफाई कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि निजीकरण की प्रक्रिया वापस नहीं ली गई तो कर्मचारी हड़ताल और आंदोलन करने को मजबूर होंगे।प्रदर्शन के दौरान धीरज आजाद, राम कुमार, गौरव प्रजापति, दीपक कुमार, अनुज वाल्मीकि, अमन, कारण आदिवाल, दीपक बिरला, मनमोहन सूद, प्रमोद सुधा, रिंकू बिरला, अशोकेश्वर , लक्ष्मण, आकाश बिरला, कमल चंचल सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ