पूनम मित्तल हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा ,पड़ोसी अंकुर गुप्ता और सलमान निकला कातिल, मुठभेड़ में दबोचे गए दो आरोपी।
रिपोर्ट अमान उल्ला खान
सहारनपुर-चर्चित पूनम मित्तल हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आर्थिक तंगी और कर्ज से परेशान आरोपियों ने लूट की नीयत से वारदात को अंजाम दिया था। पहचान उजागर होने के डर से उन्होंने 60 वर्षीय पूनम मित्तल की गला रेतकर हत्या कर दी।
पुलिस लाइन स्थित सभागार में पत्रकारों को संबोधित करते हुए एसएसपी अभिनंदन सिंह ने बताया कि 1 जून को अज्ञात बदमाशों ने पूनम मित्तल के घर में घुसकर उनकी हत्या कर दी थी और कानों के कुंडल सहित जेवर व नकदी लूटकर फरार हो गए थे। घटना के खुलासे के लिए थाना नकुड़ पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम को लगाया गया था।जांच के दौरान पुलिस ने पहले आरोपी अंकुर गुप्ता को गिरफ्तार किया, जिसके कब्जे से लूटा गया एक कुंडल बरामद हुआ। पूछताछ के आधार पर दूसरे आरोपी सलमान की तलाश शुरू की गई। अंबेहटा-गंगोह बाईपास पर पुलिस से घिरने पर सलमान ने फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस ने सलमान के कब्जे से .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा, हत्या में प्रयुक्त चाकू, लूटा गया कुंडल तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। एसएसपी ने बताया कि दोनों आरोपियों ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उन्होंने खुलासे में अहम भूमिका निभाने वाली पुलिस टीम की सराहना की। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक देवेश कुमार शर्मा, चौकी प्रभारी देवेंद्र अधाना तथा स्वाट और सर्विलांस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
0 टिप्पणियाँ