थाना दिवस पर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक सिटी ने थाना जनकपुरी में की जनसुनवाई, व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण
रिपोर्ट अमान उल्ला खान
सहारनपुर-जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से आयोजित थाना दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी श्री अरविंद कुमार चौहान एवं पुलिस अधीक्षक सिटी श्री व्योम बिंदल ने थाना जनकपुरी पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं तथा उनके गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
थाना दिवस के दौरान अधिकारियों ने एक-एक कर फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना तथा संबंधित राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।जनसुनवाई के उपरांत जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक सिटी ने थाना परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना कार्यालय, महिला हेल्प डेस्क, अभिलेखों के रख-रखाव, परिसर की साफ-सफाई तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया। उन्होंने अभिलेखों को अद्यतन रखने, कार्यालय व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखने तथा थाना परिसर में स्वच्छ एवं अनुशासित वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी श्री अरविंद कुमार चौहान ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक नागरिक को समयबद्ध, पारदर्शी एवं न्यायसंगत समाधान उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।पुलिस अधीक्षक सिटी श्री व्योम बिंदल ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि थाना आने वाले प्रत्येक फरियादी के साथ शालीन, संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने थाना परिसर में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का भी जायजा लिया तथा आवश्यक व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।इस अवसर पर थाना प्रभारी जनकपुरी सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ